प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 75 अमृत भारत रेलवे स्टेशनों का किया लोकार्पण, वडोदरा मंडल को मिली दो आधुनिक स्टेशनों की सौगात
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देशभर के 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण किया। पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल के गोधरा और प्रतापनगर रेलवे स्टेशन भी आधुनिक सुविधाओं के साथ राष्ट्र को समर्पित किए गए।

तस्वीर में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और अन्य गणमान्य व्यक्ति अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत रेलवे स्टेशनों के लोकार्पण समारोह में शामिल होते हुए।
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को जालंधर में आयोजित भव्य समारोह से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत देशभर के 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण किया। इस अवसर पर विभिन्न रेल अवसंरचना परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास भी किया गया, जबकि नई रेल सेवाओं को हरी झंडी दिखाकर राष्ट्र को समर्पित किया गया। पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल के लिए यह अवसर विशेष रहा, क्योंकि योजना के तहत गोधरा एवं प्रतापनगर रेलवे स्टेशन भी पुनर्विकसित स्वरूप में राष्ट्र को समर्पित किए गए।
गोधरा रेलवे स्टेशन पर आयोजित समारोह में गुजरात सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण, सहकारिता, पशुपालन एवं गौ संवर्धन राज्य मंत्री श्री रमेशभाई कटारा, सांसद श्री राजपालसिंह जादव, डॉ. जसवंतसिंह परमार तथा विधायक श्रीमती निमिषाबेन सुथार सहित अनेक जनप्रतिनिधियों ने गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के प्रेरणादायी संबोधन का सीधा प्रसारण किया गया, जिसे उपस्थित जनप्रतिनिधियों, रेलवे अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों तथा बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक देखा और सुना।
अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत पुनर्विकसित प्रतापनगर एवं गोधरा रेलवे स्टेशन को आधुनिक वास्तुशिल्प और यात्री-केंद्रित अवधारणा के अनुरूप विकसित किया गया है। स्टेशन परिसरों में अत्याधुनिक प्रतीक्षालय, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित परिसर, दिव्यांगजन-अनुकूल सुविधाएं, सुगम आवागमन की व्यवस्था, उन्नत यात्री सूचना प्रणाली, सौंदर्यीकरण तथा स्थानीय सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक विरासत को प्रतिबिंबित करने वाली थीम का समावेश किया गया है।
इन आधुनिक सुविधाओं से यात्रियों को अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और सुखद यात्रा अनुभव प्राप्त होगा। साथ ही क्षेत्र में पर्यटन, व्यापार, निवेश तथा आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलने की उम्मीद जताई गई है।
इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अतिथियों ने भारतीय रेलवे द्वारा देशभर में संचालित आधारभूत संरचना विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना भारतीय रेलवे के आधुनिकीकरण की दिशा में एक दूरदर्शी और ऐतिहासिक पहल है। उन्होंने कहा कि यह योजना रेलवे स्टेशनों को आधुनिक, सुरक्षित, सुगम, पर्यावरण-अनुकूल तथा यात्री-केंद्रित स्वरूप प्रदान करते हुए विकसित भारत के निर्माण के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Naresh Ameta (Mumbai)
नरेश अमेटा (मुंबई), प्रात:काल समाचार वेबसाइट के अनुभवी संवाददाता हैं। मुंबई से कार्यरत नरेश जी समाचार की सटीकता और निष्पक्षता के लिए जाने जाते हैं। वे प्रमुख राष्ट्रीय और स्थानीय खबरों की रिपोर्टिंग करते हैं और अपने विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण से पाठकों को घटनाओं की गहरी समझ प्रदान करते हैं। नरेश जी की लेखनी में तथ्यपरक जानकारी के साथ-साथ घटनाओं की ताज़ा और भरोसेमंद प्रस्तुति देखने को मिलती है, जो प्रात:काल के पाठकों के लिए समाचार अनुभव को और समृद्ध बनाती है।
