पाटन रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांग शुक्रवार, 21 अगस्त 2026 को पूरी हो गई। पश्चिम रेलवे ने ट्रेन संख्या 20626/20625 भगत की कोठी–एमजीआर चेन्नई सेंट्रल–भगत की कोठी सुपरफास्ट एक्सप्रेस का पाटन स्टेशन पर अतिरिक्त ठहराव शुरू कर दिया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में पाटन के सांसद श्री भरतसिंहजी डाभी और मंडल रेल प्रबंधक, अहमदाबाद श्री वेद प्रकाश ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर सांसद श्री भरतसिंहजी डाभी ने कहा कि पाटन में भगत की कोठी–चेन्नई सुपरफास्ट एक्सप्रेस के ठहराव की मांग क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों, स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों द्वारा लंबे समय से की जा रही थी। इस मांग को रेल मंत्रालय के समक्ष लगातार उठाया गया और निरंतर प्रयासों के परिणामस्वरूप पाटन को इस महत्वपूर्ण ट्रेन का ठहराव मिला है।

श्री डाभी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेलवे गुजरात सहित पूरे देश में रेल कनेक्टिविटी और यात्री सुविधाओं के विस्तार की दिशा में उल्लेखनीय कार्य कर रहा है। उत्तर गुजरात में मीटर गेज लाइनों को ब्रॉड गेज में परिवर्तित करने से क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी में व्यापक सुधार हुआ है।

उन्होंने बताया कि लोकसभा में शून्यकाल के दौरान उठाए गए मुद्दे के परिणामस्वरूप तारंगा–अंबाजी–आबू रोड रेल लाइन के लिए लगभग ₹3,200 करोड़ की स्वीकृति प्राप्त हुई है। इसके साथ ही चाणस्मा–राधनपुर रेल लाइन के लिए भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि यह रेल लाइन भी क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

सांसद ने बताया कि पाटन रेलवे स्टेशन का विकास कार्य भी तेजी से चल रहा है और मार्च 2027 से पहले स्टेशन को आधुनिक यात्री सुविधाओं के साथ नागरिकों को समर्पित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत पाटन स्टेशन के विकास से यात्रियों को बेहतर और आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी।

मंडल रेल प्रबंधक, अहमदाबाद श्री वेद प्रकाश ने बताया कि वर्तमान में गुजरात में रेलवे से संबंधित लगभग ₹17,366 करोड़ का बजट प्रावधान है तथा करीब ₹1.28 लाख करोड़ के विभिन्न कार्य प्रगति पर हैं। गुजरात में 87 अमृत भारत स्टेशन विकसित किए जा रहे हैं, जिनमें पाटन स्टेशन भी शामिल है। उन्होंने कहा कि पाटन स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन योजना में शामिल कराने में सांसद श्री भरतसिंहजी डाभी के निरंतर प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

उन्होंने कहा कि पाटन का रेलवे से ऐतिहासिक और भावनात्मक जुड़ाव रहा है। पाटन के इतिहास और स्थानीय जनजीवन से जुड़े अपने अनुभवों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र लंबे समय से व्यापार और आवागमन का महत्वपूर्ण केंद्र रहा है। भगत की कोठी–एमजीआर चेन्नई सेंट्रल सुपरफास्ट एक्सप्रेस का पाटन स्टेशन पर ठहराव एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह ट्रेन पाटन को देश के लगभग 30 प्रमुख शहरों से जोड़ते हुए राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु सहित विभिन्न क्षेत्रों के बीच रेल संपर्क को मजबूत करेगी।

पाटन स्टेशन पर वर्तमान में 16 जोड़ी ट्रेनें ठहरती हैं, जिनमें 5 जोड़ी पैसेंजर ट्रेनें तथा शेष मेल/एक्सप्रेस ट्रेनें हैं।

मंडल रेल प्रबंधक ने पाटन स्टेशन के विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि स्टेशन पर लगभग ₹40 करोड़ की लागत से विभिन्न विकास कार्य किए जा रहे हैं। स्टेशन के दोनों ओर नई स्टेशन बिल्डिंग का निर्माण किया जा चुका है। लगभग 12 मीटर चौड़े फुट ओवर ब्रिज का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जिसमें यात्रियों की सुविधा के लिए लिफ्ट की सुविधा भी उपलब्ध होगी।

स्टेशन की वास्तुकला में प्रसिद्ध रानी की वाव की स्थापत्य शैली और स्टोन टेक्सचर से प्रेरित तत्वों को शामिल किया जा रहा है। रानी की वाव को प्रतीकात्मक रूप से स्टेशन के स्वरूप में प्रदर्शित किया जाएगा।

रेल सेवा से पाटन के प्रसिद्ध पटोला, सूरत के कपड़ा और डायमंड उद्योग, खानदेश एवं विदर्भ के कपास, वारंगल के हैंडलूम तथा चेन्नई के टेक्सटाइल उद्योग के बीच व्यापारिक और औद्योगिक संबंधों को और मजबूती मिलने की संभावना है। इससे पाटन के प्रसिद्ध पटोला और स्थानीय उत्पादों के प्रचार-प्रसार के साथ व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

ट्रेन संख्या 20626 भगत की कोठी–एमजीआर चेन्नई सेंट्रल सुपरफास्ट एक्सप्रेस का पाटन स्टेशन पर अतिरिक्त ठहराव 21 अगस्त 2026 से प्रभावी हो गया है। यह ट्रेन प्रत्येक सोमवार, बुधवार, गुरुवार, शुक्रवार और रविवार को पाटन स्टेशन पर 11:35 बजे पहुंचेगी तथा 11:37 बजे प्रस्थान करेगी।

इसी प्रकार ट्रेन संख्या 20625 एमजीआर चेन्नई सेंट्रल–भगत की कोठी सुपरफास्ट एक्सप्रेस का पाटन स्टेशन पर अतिरिक्त ठहराव भी 21 अगस्त 2026 से प्रभावी हो गया है। यह ट्रेन प्रत्येक सोमवार, मंगलवार, गुरुवार, शुक्रवार और रविवार को एमजीआर चेन्नई सेंट्रल से प्रस्थान करने के बाद यात्रा के तीसरे दिन 03:57 बजे पाटन स्टेशन पहुंचेगी तथा 03:59 बजे प्रस्थान करेगी।

पाटन स्टेशन पर इस महत्वपूर्ण सुपरफास्ट ट्रेन का ठहराव क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करने के साथ पाटन को देश के प्रमुख शहरों से बेहतर रेल कनेक्टिविटी देने की दिशा में अहम कदम है। इससे यात्रियों की सुविधा के साथ क्षेत्र के व्यापारिक और औद्योगिक संपर्क को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story