घोलवड-उमरगाम रेलखंड पर जलभराव से ट्रेनों पर असर, 23 जुलाई को कई ट्रेनें रद्द
घोलवड और उमरगाम स्टेशनों के बीच रेलवे पुल संख्या 203 पर जलस्तर बढ़ने से रेल यातायात प्रभावित हुआ है। 23 जुलाई 2026 को कई ट्रेनें रद्द की गईं और एक ट्रेन का मार्ग बदला गया है।

तस्वीर में रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर लाल और स्लेटी रंग के डिब्बों वाली एक ट्रेन खड़ी दिखाई दे रही है, जिसके पास एक व्यक्ति चल रहा है।
पश्चिम रेलवे मुंबई सेंट्रल मंडल के घोलवड एवं उमरगाम स्टेशनों के मध्य रेलवे यातायात प्रभावित हुआ है। रेलवे पुल संख्या 203 पर जलस्तर बढ़ जाने के कारण इस खंड पर रेल यातायात को एहतियातन अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया गया है, जिसके चलते कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ है।
दिनांक 23 जुलाई 2026 को कई प्रमुख ट्रेनों को निरस्त करने का निर्णय लिया गया है। इनमें ट्रेन संख्या 12933/12934 बांद्रा टर्मिनस – अहमदाबाद – बांद्रा टर्मिनस कर्णावती एक्सप्रेस, ट्रेन संख्या 12931/12932 मुंबई सेंट्रल – अहमदाबाद – मुंबई सेंट्रल एसी डबल डेकर एक्सप्रेस, ट्रेन संख्या 22961/22962 मुंबई सेंट्रल – अहमदाबाद – मुंबई सेंट्रल वंदे भारत एक्सप्रेस और ट्रेन संख्या 22954 अहमदाबाद – मुंबई सेंट्रल गुजरात सुपरफास्ट एक्सप्रेस शामिल हैं।
इसके अलावा 22 जुलाई 2026 की ट्रेन संख्या 22919 एमजीआर चेन्नई सेंट्रल – अहमदाबाद हमसफर एक्सप्रेस का मार्ग परिवर्तन किया गया है। यह ट्रेन परिवर्तित मार्ग वाया दौंड – अंकाई – मनमाड – जलगाँव – पलधी – सूरत के रास्ते चलेगी।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि यात्रा प्रारंभ करने से पूर्व अपनी ट्रेन की नवीनतम स्थिति अवश्य जांच लें, ताकि किसी भी असुविधा से बचा जा सके। जलभराव के कारण प्रभावित रेलखंड पर स्थिति को देखते हुए यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
