भारतीय रेलवे ने रेल अवसंरचना को सुदृढ़ करने और नेटवर्क क्षमता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए दक्षिण मध्य रेलवे के नांदेड़ मंडल के परभणी-मुदखेड़ डबल लाइन सेक्शन पर इलेक्ट्रिक ट्रैक्शन सिस्टम के उन्नयन को मंजूरी प्रदान की है। इस परियोजना में संबंधित विद्युत आपूर्ति स्थापना कार्य भी शामिल हैं, जिसकी स्वीकृत लागत ₹163 करोड़ है।

इस परियोजना के तहत 164 ट्रैक किलोमीटर लंबे खंड पर मौजूदा 1x25 केवी इलेक्ट्रिक ट्रैक्शन सिस्टम को अधिक उन्नत 2x25 केवी सिस्टम में परिवर्तित किया जाएगा। इसके साथ ही बढ़े हुए विद्युत भार की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए उन्नत विद्युत आपूर्ति अवसंरचना भी विकसित की जाएगी।

परभणी-मुदखेड़ सेक्शन रणनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण हाईली यूटिलाइज्ड नेटवर्क (HUN) रूट-9 का हिस्सा है, जो अजमेर-इंदौर-खंडवा-अकोला-पूर्णा-मुदखेड़-सिकंदराबाद-महबूबनगर-धोने को जोड़ता है।

उन्नत ट्रैक्शन सिस्टम से रेल संचालन के लिए विद्युत आपूर्ति अधिक सुदृढ़ होगी, जिससे इस सेक्शन पर अधिक माल ढुलाई क्षमता का संचालन संभव होगा और वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों के संचालन को भी समर्थन मिलेगा। यह परियोजना वर्ष 2029-30 तक भारतीय रेलवे के 3,000 मिलियन टन माल लदान के लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में भी योगदान देगी।

यह परियोजना देश के उच्च घनत्व वाले रेल कॉरिडोरों पर विद्युत अवसंरचना के आधुनिकीकरण और परिचालन दक्षता में सुधार के लिए भारतीय रेलवे के निरंतर प्रयासों को भी दर्शाती है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story