यात्रियों की बढ़ती मांग एवं सुविधा को ध्यान में रखते हुए पश्चिम रेलवे द्वारा 11 मई 2026 से ओखा और तिरुपति के बीच एक नई साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन का संचालन प्रारंभ किया जा रहा है। यह नई सेवा दोनों शहरों के बीच रेल संपर्क को और अधिक सुदृढ़ करते हुए लंबी दूरी की यात्रा को सुगम बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

ट्रेन संख्या 19560/19559 ओखा-तिरुपति एक्सप्रेस (साप्ताहिक) के अंतर्गत ट्रेन संख्या 19560 ओखा-तिरुपति एक्सप्रेस 11 मई 2026 से प्रत्येक सोमवार को रात्रि 23.35 बजे ओखा से प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन मंगलवार को प्रातः 08.00 बजे अहमदाबाद पहुंचेगी तथा यात्रा जारी रखते हुए बुधवार को रात्रि 23.30 बजे तिरुपति पहुंचेगी। वहीं वापसी दिशा में ट्रेन संख्या 19559 तिरुपति-ओखा एक्सप्रेस 14 मई 2026 से प्रत्येक गुरुवार को सुबह 08.15 बजे तिरुपति से रवाना होगी और शनिवार को 01.10 बजे अहमदाबाद पहुंचते हुए 11.50 बजे ओखा पहुंचेगी।

इस ट्रेन का ठहराव मार्ग में द्वारका, खंभालिया, जामनगर, हापा, राजकोट, वांकानेर, सुरेन्द्रनगर, विरमगाम, अहमदाबाद, आणंद, वडोदरा, भरूच, सूरत, उधना, नंदूरबार, आमलनेर, जलगांव, भुसावल, मलकापुर, अकोला, वाशिम, हिंगोली डेक्कन, बसमत, पूर्णा, हजूर साहिब नांदेड़, बासर, निजामाबाद, कामारेड्डी, बोलारम, काचीगुडा, महबूबनगर, गदवाल, कर्नूलु सिटी, डोन, ताडिपत्रि, कड़पा, राजमपेटा, रेनीगुंटा एवं तिरुपति स्टेशनों पर होगा। इस रूट के माध्यम से गुजरात, महाराष्ट्र और आंध्र प्रदेश के विभिन्न प्रमुख शहरों को सीधी रेल सेवा से जोड़ा जाएगा।

इस ट्रेन में सेकंड एसी, थर्ड एसी, स्लीपर क्लास तथा जनरल कोच की सुविधा उपलब्ध रहेगी, जिससे विभिन्न श्रेणियों के यात्रियों को यात्रा का विकल्प प्राप्त होगा। ट्रेन संख्या 19560 ओखा-तिरुपति एक्सप्रेस की बुकिंग 10 मई 2026 से पीआरएस काउंटरों एवं IRCTC की वेबसाइट पर प्रारंभ की जाएगी। यात्रियों को ट्रेनों के ठहराव, संरचना एवं समय संबंधी विस्तृत जानकारी हेतु www.enquiry.indianrail.gov.in

पर अवलोकन करने की सलाह दी गई है।

यह नई साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन न केवल ओखा और तिरुपति के बीच यात्रा को सरल बनाएगी, बल्कि धार्मिक, व्यावसायिक एवं सामाजिक यात्रा को भी नई गति प्रदान करेगी, जिससे क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को महत्वपूर्ण मजबूती मिलेगी।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story