त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे ने प्रमुख स्टेशनों पर भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया है। जयपुर, गांधीनगर जयपुर, अजमेर और जोधपुर रेलवे स्टेशनों पर होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं, जहां से यात्रियों को चरणबद्ध तरीके से प्लेटफॉर्म पर प्रवेश दिया जा रहा है। इसके साथ ही 117 स्पेशल ट्रेनों के 937 ट्रिप और 50 ट्रेनों में 140 अतिरिक्त डिब्बों की व्यवस्था की गई है।

उत्तर पश्चिम रेलवे के प्रमुख स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म पर अनावश्यक भीड़ रोकने के लिए होल्डिंग एरिया के माध्यम से यात्रियों की आवाजाही नियंत्रित की जा रही है। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के कंट्रोल रूम से स्टेशन परिसरों की लगातार निगरानी की जा रही है। वहीं, स्टेशनों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के जरिए यात्रियों की आवाजाही और भीड़ की स्थिति पर नजर रखी जा रही है, ताकि सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के साथ किसी भी संभावित स्थिति पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।

भीड़ को व्यवस्थित रखने के लिए स्टेशनों पर रोलिंग क्राउड मैनेजमेंट प्लान लागू किया गया है। इसके तहत यात्रियों की आवाजाही को नियंत्रित किया जा रहा है, जिससे प्लेटफॉर्म और स्टेशन परिसर में आवागमन सुचारु बना रहे। व्यवस्था संभालने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा कर्मियों के साथ अन्य कर्मचारियों की भी तैनाती की गई है। कर्मचारियों को सतर्क रहते हुए यात्रियों की आवाजाही व्यवस्थित रखने, सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखने और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए अलर्ट मोड पर रखा गया है।

यात्रियों की टिकट संबंधी जरूरतों को देखते हुए स्टेशनों पर अतिरिक्त टिकट काउंटर भी खोले गए हैं। इसके अलावा उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय और सभी मंडलों में 24x7 वॉर रूम स्थापित किए गए हैं। इन वॉर रूम के माध्यम से रेलवे अधिकारी सभी स्थितियों पर नजर रखेंगे और यात्रियों के सुगम आवागमन को सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे।

यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा उपलब्ध कराने के लिए उत्तर पश्चिम रेलवे देश के विभिन्न गंतव्यों के लिए 117 स्पेशल ट्रेनों के कुल 937 ट्रिप संचालित कर रहा है। इसके अलावा 50 ट्रेनों में विभिन्न श्रेणियों के 140 अतिरिक्त डिब्बे जोड़े गए हैं, जिससे यात्रियों को सीट उपलब्धता में आसानी हुई है। रेलवे लगातार यात्री मांग की समीक्षा कर रहा है और जरूरत के अनुसार अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनों का संचालन करने के लिए तैयार है।

त्योहारों के दौरान यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा उपलब्ध कराने के लिए रेलवे ने भीड़ प्रबंधन, अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती, टिकट काउंटरों के विस्तार और निगरानी व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया है। होल्डिंग एरिया, रोलिंग क्राउड मैनेजमेंट प्लान, आरपीएफ कंट्रोल रूम, सीसीटीवी निगरानी और 24x7 वॉर रूम के जरिए प्रमुख स्टेशनों पर यात्रियों की सुरक्षा और आवागमन को व्यवस्थित बनाए रखने की व्यवस्था की गई है।

Next Story