उत्तर पश्चिम रेलवे में एक दिन, एक घंटा, एक साथ स्वच्छता कार्यक्रम, जयपुर स्टेशन पर महाप्रबंधक ने किया श्रमदान
उत्तर पश्चिम रेलवे में 1 अक्टूबर को “एक दिन, एक घंटा, एक साथ” स्वच्छता कार्यक्रम हुआ। जयपुर स्टेशन पर महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने श्रमदान किया और सफाईकर्मियों के स्वास्थ्य चैक अप शिविर का उद्घाटन किया।

तस्वीर में उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक श्री पंकज शर्मा जयपुर रेलवे स्टेशन पर स्काउट एवं गाइड की रैली को हरी झंडी दिखाते हुए नजर आ रहे हैं।
उत्तर पश्चिम रेलवे पर 1 अक्टूबर को रेल परिसरों और ट्रेनों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने के उद्देश्य से “एक दिन, एक घंटा, एक साथ” विशेष स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक श्री पंकज शर्मा सहित मुख्यालय और चारों मंडलों के वरिष्ठ अधिकारियों, मंडल रेल प्रबंधकों, रेल कर्मचारियों तथा अन्य स्टाफ ने भाग लिया। इस दौरान विभिन्न रेलवे परिसरों में श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया गया।
जयपुर रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक श्री पंकज शर्मा ने स्काउट एवं गाईड की रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और स्वच्छता प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इसके बाद उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ स्वच्छता गतिविधियों में भाग लिया और श्रमदान किया। इस दौरान रेलवे परिसर और रेलगाड़ियों को स्वच्छ रखने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के तहत सफाईकर्मियों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और स्वास्थ्य चैक अप के लिए लगाए गए शिविर का भी उद्घाटन किया गया। महाप्रबंधक श्री पंकज शर्मा ने सफाईकर्मियों से संवाद किया और उनकी दिन प्रतिदिन की कार्य प्रणाली के बारे में जानकारी प्राप्त की।
महाप्रबंधक श्री पंकज शर्मा ने कहा कि स्वच्छता हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। रेलवे का विशाल नेटवर्क है और प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री रेलवे स्टेशनों एवं परिसरों का उपयोग करते हैं। ऐसे में रेलवे की विशेष जिम्मेदारी है कि यात्रियों को रेलवे परिसरों में स्वच्छ एवं साफ-सुथरा वातावरण उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि इसमें यात्रियों की सहभागिता सुनिश्चित कर सभी का सहयोग प्राप्त करना जरूरी है, तभी बेहतर अनुभव प्रदान करने के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।
उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय और प्रमुख रेलवे स्टेशनों सहित जयपुर, अजमेर, बीकानेर और जोधपुर मंडलों में एक साथ विभिन्न स्थानों पर स्वच्छता गतिविधियां आयोजित की गईं। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने रेलवे स्टेशनों, प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया, यात्री सुविधाओं, कार्यालय परिसरों तथा आसपास के क्षेत्रों में सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया।
उत्तर पश्चिम रेलवे के प्रमुख स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म, फुट ओवरब्रिज, प्रतीक्षालय, सर्कुलेटिंग एरिया, पार्किंग स्थल, स्टेशन भवन के आसपास के क्षेत्र तथा अन्य सार्वजनिक स्थानों की भी सफाई की गई। रेलवे कर्मचारियों ने कचरे को एकत्र कर निर्धारित स्थान पर पहुंचाया और स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए।
“एक दिन, एक घंटा, एक साथ” कार्यक्रम के जरिए अधिकारियों, कर्मचारियों और आमजन को स्वच्छता के लिए एक साथ जोड़ा गया। कार्यक्रम में यह संदेश दिया गया कि सामूहिक प्रयासों से रेलवे परिसरों एवं रेलगाड़ियों को स्वच्छ, सुंदर और बेहतर बनाया जा सकता है। उत्तर पश्चिम रेलवे ने यात्रियों से भी रेलवे परिसर एवं रेलगाड़ियों में स्वच्छता बनाए रखने में सक्रिय सहयोग देने और स्वच्छता को अपनी दैनिक आदत का हिस्सा बनाने की अपील की।

