उत्तर-पश्चिम रेलवे पर भारत के महान हॉकी जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष्य में 28 अगस्त से 30 अगस्त 2026 तक तीन दिवसीय देशव्यापी खेल अभियान आयोजित किया जाएगा। उत्तर-पश्चिम रेलवे स्पोर्ट्स एसोसिएशन की ओर से आयोजित इस अभियान का मुख्य विषय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ के अंतर्गत “खेलेगा भारत, जीतेगा भारत” रखा गया है।

उत्तर-पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री अमित सुदर्शन के अनुसार, 29 अगस्त को भारत के महान हॉकी जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाले इस तीन दिवसीय खेल अभियान का उद्देश्य रेल कर्मियों और आम नागरिकों में खेल के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ स्वस्थ जीवन शैली को बढ़ावा देना है। इस वर्ष के खेल उत्सव का मुख्य केंद्र “एक घंटा खेल के मैदान में” पहल रहेगी।

इस पहल के तहत उत्तर-पश्चिम रेलवे के मुख्यालय सहित सभी मंडलों जोधपुर, जयपुर, अजमेर, बीकानेर और कारखानों में कार्यरत अधिकारियों, कर्मचारियों तथा उनके परिजनों को खेल के मैदान में उतरकर कम से कम एक घंटा स्वेच्छा से खेल गतिविधियों या शारीरिक व्यायाम में बिताने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

28 से 30 अगस्त 2026 तक उत्तर-पश्चिम रेलवे के विभिन्न खेल परिसरों में विभिन्न खेल, फिटनेस और मनोरंजक प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जाएगा। क्षेत्रीय और मंडल स्तर पर आयोजित होने वाले इन कार्यक्रमों में देश के जाने-माने खेल दिग्गजों, ओलंपियनों और अर्जुन पुरस्कार विजेताओं को आमंत्रित किया जाएगा। ये खेल हस्तियां रेल कर्मचारियों और उनके बच्चों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेंगी।

उत्तर-पश्चिम रेलवे ने सभी रेल कर्मियों और उनके परिवारों से इस राष्ट्रीय उत्सव में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है। अभियान के माध्यम से खेल और शारीरिक गतिविधियों को बढ़ावा देते हुए “स्वस्थ भारत, समृद्ध भारत” के सपने को साकार करने में योगदान देने का संदेश दिया जाएगा।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story