उत्तर पश्चिम रेलवे में हरित ऊर्जा को बढ़ावा, अक्टूबर में 17.68 लाख यूनिट सौर बिजली का उत्पादन
उत्तर पश्चिम रेलवे ने अक्टूबर 2026 में 17.68 लाख यूनिट सौर ऊर्जा का उत्पादन किया। वहीं, 81.85 प्रतिशत यात्री रेलसेवाएं और 68.1 प्रतिशत माल परिवहन इलेक्ट्रिक ट्रैक्शन से संचालित हुआ। जानें हरित रेलवे की दिशा में हुई प्रगति।

उत्तर पश्चिम रेलवे स्टेशन के शेड पर लगे सौर ऊर्जा पैनल हरित ऊर्जा अभियान के तहत दिख रहे हैं।
उत्तर पश्चिम रेलवे ने हरित ऊर्जा और पर्यावरण अनुकूल रेल संचालन की दिशा में अपनी पहल तेज की है। अक्टूबर 2026 के दौरान रेलवे पर स्थापित सौर ऊर्जा संयंत्रों से कुल 17.68 लाख यूनिट बिजली का उत्पादन किया गया। वहीं, रेल संचालन में भी इलेक्ट्रिक ट्रैक्शन का दायरा बढ़ा है। अब उत्तर पश्चिम रेलवे की 81.85 प्रतिशत यात्री रेलसेवाएं और कुल माल परिवहन का 68.1 प्रतिशत हिस्सा विद्युत कर्षण के माध्यम से संचालित किया जा रहा है।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री अमित सुदर्शन के अनुसार, रेलवे द्वारा पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों पर निर्भरता कम करने और स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए सौर ऊर्जा संयंत्रों की स्थापना लगातार की जा रही है। इसी क्रम में अक्टूबर 2026 में स्थापित सौर ऊर्जा संयंत्रों से 17.68 लाख यूनिट विद्युत ऊर्जा का उत्पादन हुआ। इसके अतिरिक्त, उत्तर पश्चिम रेलवे पर 298.25 किलोवाट पीक (kWp) क्षमता का नया सौर ऊर्जा संयंत्र भी सफलतापूर्वक कमीशन किया गया है।
रेल संचालन में विद्युत कर्षण के उपयोग के आंकड़ों के अनुसार, अक्टूबर 2026 तक उत्तर पश्चिम रेलवे की कुल 303 जोड़ी यात्री रेलसेवाओं में से 248 जोड़ी रेलसेवाएं इलेक्ट्रिक ट्रैक्शन पर संचालित हो रही हैं। यह कुल यात्री रेलसेवाओं का 81.85 प्रतिशत है।
माल परिवहन में भी विद्युत कर्षण का उपयोग बढ़ा है। अक्टूबर 2026 तक उत्तर पश्चिम रेलवे के कुल माल परिवहन का 68.1 प्रतिशत हिस्सा इलेक्ट्रिक ट्रैक्शन के माध्यम से संचालित किया गया।
उत्तर पश्चिम रेलवे की ओर से सौर ऊर्जा उत्पादन में वृद्धि, विद्युत कर्षण के अधिकाधिक उपयोग और विद्युत लोकोमोटिव के नियमित अनुरक्षण पर जोर दिया जा रहा है। इन प्रयासों के माध्यम से ऊर्जा संरक्षण, कार्बन उत्सर्जन में कमी और पर्यावरण अनुकूल रेल संचालन को बढ़ावा देने की दिशा में काम किया जा रहा है।

