रेलवे ने यात्रियों की सुविधा और बेहतर यात्री सेवाओं की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे के जयपुर मंडल के छह स्टेशनों पर प्लेटफॉर्मों के उन्नयन एवं विस्तार का कार्य पूरा किया है। कानोता, बसवा, रेनवाल, श्रीमाधोपुर, गोविंदगढ़ मलिकपुर और झुन्झुनू स्टेशनों के कुल 9 प्लेटफॉर्मों की ऊंचाई बढ़ाने और लंबाई विस्तार का कार्य किया गया है।

रेलवे द्वारा यात्रियों की यात्रा को सुगम और बेहतर बनाने के उद्देश्य से यात्री सुविधाओं में बढ़ोतरी तथा स्टेशनों के आधुनिकीकरण से जुड़े कार्य लगातार किए जा रहे हैं। इसी क्रम में उत्तर पश्चिम रेलवे के विभिन्न स्टेशनों पर नए प्लेटफॉर्म बनाने, मौजूदा प्लेटफॉर्मों का उन्नयन करने और उनका विस्तार करने के कार्य किए जा रहे हैं। इन कार्यों का उद्देश्य यात्रियों को अधिक सुविधाजनक, संरक्षित और सुगम यात्रा अनुभव उपलब्ध कराना है।

जयपुर मंडल में किए गए कार्यों के तहत कानोता और गोविंदगढ़ मलिकपुर स्टेशनों के प्लेटफॉर्म नंबर 2 को मध्यम लेवल से हाई लेवल किया गया है। वहीं बसवा और रेनवाल स्टेशनों के प्लेटफॉर्म नंबर 1 की लंबाई बढ़ाई गई है।

इसके अलावा श्रीमाधोपुर और झुन्झुनू स्टेशनों के प्लेटफॉर्म नंबर 1 और 2 की लंबाई में भी विस्तार किया गया है। इस तरह इन छह स्टेशनों के कुल 9 प्लेटफॉर्मों का विस्तार और ऊंचाई बढ़ाने का कार्य पूरा किया गया है।

इन कार्यों के बाद संबंधित स्टेशनों पर यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ प्लेटफॉर्म की उपयोगिता और यात्री आवागमन में सुधार होगा। साथ ही ट्रेनों में यात्रियों के सुरक्षित चढ़ने और उतरने की सुविधा भी बेहतर होगी।

रेलवे के अनुसार, स्टेशनों की सुविधाओं के निरंतर उन्नयन की दिशा में किए जा रहे ये कार्य यात्री-केंद्रित रेल सेवाओं को और मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इसके साथ ही ये कार्य रेलवे की परिचालन दक्षता को सुदृढ़ करने में भी सहायक सिद्ध होंगे।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story