आजादी के अमृतकाल के अंतर्गत आयोजित "हर घर तिरंगा" अभियान-2026 को लेकर उत्तर पश्चिम रेलवे ने व्यापक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं। उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा 9 अगस्त से 17 अगस्त 2026 तक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री अमित सुदर्शन के अनुसार, 9 अगस्त से 17 अगस्त 2026 तक चलने वाले इस अभियान को उत्तर पश्चिम रेलवे के सभी मंडलों, कार्यशालाओं, स्टेशनों एवं रेलवे प्रतिष्ठानों में व्यापक जनभागीदारी के साथ मनाया जाएगा।

अभियान के दौरान उत्तर पश्चिम रेलवे के प्रमुख रेलवे स्टेशनों, कार्यालयों, उत्पादन इकाइयों एवं अन्य महत्वपूर्ण परिसरों में राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रमुख रेलवे स्टेशनों एवं महत्वपूर्ण भवनों को यथासंभव तिरंगा रंगों की आकर्षक रोशनी से सजाया जाएगा।

इसके साथ ही प्रमुख स्टेशनों पर सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली (Public Address System) के माध्यम से राष्ट्रीय गीत "वंदे मातरम्" की वाद्य धुन का प्रसारण किया जाएगा, जिससे यात्रियों और आम नागरिकों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना को बढ़ावा मिलेगा।

उत्तर पश्चिम रेलवे ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ-साथ यात्रियों और आम नागरिकों से अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों पर सम्मानपूर्वक राष्ट्रीय ध्वज फहराने तथा "सेल्फी विद तिरंगा" अभियान में भाग लेकर हर घर तिरंगा पोर्टल पर अपनी सहभागिता दर्ज कराने की अपील की है।

उत्तर पश्चिम रेलवे का उद्देश्य इस अभियान के माध्यम से स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग एवं बलिदान को नमन करते हुए प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को और अधिक सुदृढ़ करना है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story