उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक श्री पंकज शर्मा ने शनिवार, 12 सितंबर 2026 को बीकानेर मंडल के दौरे के दौरान श्रीडूंगरगढ़, रतनगढ़ एवं चूरू रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण किया। उन्होंने रेल मार्ग के दोहरीकरण कार्य, स्टेशनों पर चल रहे विकास एवं यात्री सुविधाओं से जुड़े कार्यों तथा अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत पुनर्विकास कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने रेल संचालन से संबंधित व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री अमित सुदर्शन के अनुसार, महाप्रबंधक श्री पंकज शर्मा बीकानेर से विशेष निरीक्षण कार (SPIC) से ट्रैक का निरीक्षण करते हुए श्रीडूंगरगढ़ पहुंचे। उन्होंने इस दौरान रेलखंड में ट्रैक, सिग्नल, परिचालन एवं रेल संरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। श्रीडूंगरगढ़ स्टेशन पर उन्होंने प्लेटफॉर्म लेवल को ऊंचा करने तथा प्लेटफॉर्म की लंबाई बढ़ाने के कार्य की प्रगति का जायजा लिया। संबंधित अधिकारियों से कार्यों की जानकारी लेते हुए उन्होंने निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्यों को समयबद्ध रूप से पूरा करने के निर्देश दिए।



इसके बाद महाप्रबंधक रतनगढ़ रेलवे स्टेशन पहुंचे। यहां उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत चल रहे पुनर्विकास कार्यों और यात्री सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने सर्कुलेटिंग एरिया, उच्च श्रेणी प्रतीक्षालय, टिकट खिड़की सहित स्टेशन के विभिन्न क्षेत्रों का जायजा लिया तथा विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्यों को समयबद्ध रूप से पूरा करने के निर्देश दिए।

रतनगढ़ के विधायक श्री पूसाराम गोदारा ने महाप्रबंधक से जन की विभिन्न मांगों एवं यात्री सुविधाओं के संबंध में चर्चा की।

इसके पश्चात महाप्रबंधक चूरू रेलवे स्टेशन पहुंचे। उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत हो रहे पुनर्विकास कार्यों का निरीक्षण किया तथा यात्री सुविधाओं की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने सर्कुलेटिंग एरिया, उच्च श्रेणी प्रतीक्षालय, टिकट खिड़की सहित स्टेशन के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। महाप्रबंधक ने चूरू स्टेशन की एकीकृत क्रू लॉबी का भी निरीक्षण किया।

चूरू स्टेशन पर पत्रकारों से प्रेस वार्ता के दौरान महाप्रबंधक ने उत्तर पश्चिम रेलवे की उपलब्धियों एवं योजनाओं की जानकारी दी।

महाप्रबंधक ने चूरू स्टेशन स्थित रनिंग रूम का निरीक्षण कर रनिंग स्टाफ के लिए उपलब्ध सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके बाद रनिंग कर्मचारियों के साथ आयोजित संरक्षा संवाद कार्यक्रम में उन्होंने रेल कर्मचारियों से सीधे संवाद किया तथा उनकी समस्याओं एवं सुझावों को सुना।

इस दौरान महाप्रबंधक ने कहा कि संरक्षित रेल संचालन सभी रेलकर्मियों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि संरक्षा से किसी भी स्थिति में समझौता नहीं किया जाए तथा निर्धारित नियमों एवं प्रक्रियाओं का पूर्ण रूप से पालन सुनिश्चित किया जाए।

महाप्रबंधक ने सभी रेलकर्मियों को सजगता, सतर्कता एवं पूर्ण समन्वय के साथ कार्य करते हुए संरक्षित रेल संचालन सुनिश्चित करने तथा संरक्षा को सदैव सर्वोच्च प्राथमिकता देने के लिए प्रेरित किया।

निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक के साथ मंडल रेल प्रबंधक बीकानेर श्री गौरव गोविल सहित मुख्यालय एवं बीकानेर मंडल के अधिकारी एवं रेलवे कर्मचारी उपस्थित रहे।

Next Story