अक्टूबर में अतिरिक्त यात्री यातायात को देखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए सात जोड़ी रेलसेवाओं में कुल 15 अतिरिक्त डिब्बे अस्थायी रूप से बढ़ाने का निर्णय लिया है। इस व्यवस्था के तहत अजमेर-अमृतसर, अजमेर-बांद्रा टर्मिनस, जोधपुर-इंदौर, इंदौर-भगत की कोठी, श्रीगंगानगर-दिल्ली और दिल्ली-बठिंडा सहित सात जोड़ी रेलसेवाओं में अलग-अलग अवधि के लिए अतिरिक्त डिब्बे लगाए जाएंगे।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार, अक्टूबर में यात्रियों की अतिरिक्त संख्या को देखते हुए यह व्यवस्था की जा रही है। इसमें द्वितीय शयनयान श्रेणी और साधारण श्रेणी के डिब्बे शामिल हैं। प्रत्येक रेलसेवा में अतिरिक्त डिब्बे लगाने की अवधि अलग-अलग निर्धारित की गई है।

गाड़ी संख्या 19611/19614 अजमेर-अमृतसर-अजमेर रेलसेवा में अजमेर से 17 अक्टूबर 2026 से 31 अक्टूबर 2026 तक तथा अमृतसर से 18 अक्टूबर 2026 से 1 नवंबर 2026 तक एक द्वितीय शयनयान श्रेणी का अतिरिक्त डिब्बा लगाया जाएगा। इसी प्रकार, गाड़ी संख्या 19613/19612 अजमेर-अमृतसर-अजमेर रेलसेवा में भी अजमेर से 17 अक्टूबर 2026 से 31 अक्टूबर 2026 तक और अमृतसर से 18 अक्टूबर 2026 से 1 नवंबर 2026 तक एक द्वितीय शयनयान श्रेणी का डिब्बा अस्थायी रूप से बढ़ाया जाएगा।

गाड़ी संख्या 19625/19626 अजमेर-बांद्रा टर्मिनस-अजमेर रेलसेवा में अजमेर से 18 अक्टूबर 2026 को और बांद्रा टर्मिनस से 19 अक्टूबर 2026 को केवल एक फेरे के लिए एक द्वितीय शयनयान श्रेणी का अतिरिक्त डिब्बा लगाया जाएगा।

गाड़ी संख्या 14801/14802 जोधपुर-इंदौर-जोधपुर रेलसेवा में जोधपुर से 16 अक्टूबर 2026 से 31 अक्टूबर 2026 तक तथा इंदौर से 9 अक्टूबर 2026 से 3 नवंबर 2026 तक दो द्वितीय शयनयान और तीन साधारण श्रेणी के अतिरिक्त डिब्बे लगाए जाएंगे।

गाड़ी संख्या 12465/12466 इंदौर-भगत की कोठी-इंदौर रेलसेवा में इंदौर से 17 अक्टूबर 2026 से 1 नवंबर 2026 तक तथा भगत की कोठी से 18 अक्टूबर 2026 से 2 नवंबर 2026 तक दो द्वितीय शयनयान और तीन साधारण श्रेणी के डिब्बों की अस्थायी बढ़ोतरी की जाएगी।

गाड़ी संख्या 12482/12481 श्रीगंगानगर-दिल्ली-श्रीगंगानगर एक्सप्रेस में श्रीगंगानगर से 16 अक्टूबर 2026 से 31 अक्टूबर 2026 तक और दिल्ली से 17 अक्टूबर 2026 से 1 नवंबर 2026 तक एक द्वितीय शयनयान श्रेणी का अतिरिक्त डिब्बा लगाया जाएगा।

वहीं, गाड़ी संख्या 14731/14732 दिल्ली-बठिंडा-दिल्ली एक्सप्रेस में दिल्ली से 16 अक्टूबर 2026 से 31 अक्टूबर 2026 तक तथा बठिंडा से 17 अक्टूबर 2026 से 1 नवंबर 2026 तक एक द्वितीय शयनयान श्रेणी का अतिरिक्त डिब्बा अस्थायी रूप से बढ़ाया जाएगा। इन व्यवस्थाओं के तहत सात जोड़ी रेलसेवाओं में निर्धारित तिथियों के दौरान अतिरिक्त डिब्बे उपलब्ध रहेंगे।

Next Story