मालीगांव। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के जश्न से पहले पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) की रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने यात्रियों, ट्रेनों और रेल संपत्ति की सुरक्षा के लिए पूरे ज़ोन में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। आरपीएफ के जवानों की सघन गश्त और निगरानी के चलते रेलवे स्टेशनों, ऑन बोर्ड ट्रेनों और रेल परिसरों में कड़ी सतर्कता बरती जा रही है।

स्वतंत्रता दिवस के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने और सुरक्षित यात्रा का माहौल सुनिश्चित करने के लिए संवेदनशील और जोखिम वाली जगहों पर अतिरिक्त ध्यान दिया जा रहा है। सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए रेलवे स्टेशनों और ऑन बोर्ड ट्रेनों में यात्रियों के बैठने के स्थानों, प्रतीक्षालयों, प्लेटफ़ॉर्मों, आने-जाने के रास्तों और दूसरी महत्वपूर्ण जगहों पर सघन जांच और तलाशी अभियान चलाए जा रहे हैं।

आरपीएफ की टीमें प्रशिक्षित श्वान दस्ते की मदद से यात्रियों के सामान, लावारिस चीज़ों और संवेदनशील इलाकों की बारीकी से जांच कर रही हैं। महत्वपूर्ण स्थानों पर सुरक्षा कर्मियों को विशेष तौर पर तैनात किया गया है, ताकि सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की चूक न रहे।

इसके साथ ही यात्रियों को जागरूक करने के लिए लगातार सार्वजनिक घोषणाएं की जा रही हैं। यात्रियों से किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, सामग्री या गतिविधि की तत्काल सूचना रेल अधिकारियों को देने की अपील की जा रही है। स्वतंत्रता दिवस समारोह से पहले एनएफआर में बढ़ाई गई यह सुरक्षा चौकसी यात्रियों, ट्रेनों और रेल संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जारी रखी जा रही है।

Naresh Ameta (Mumbai)

Naresh Ameta (Mumbai)

नरेश अमेटा (मुंबई), प्रात:काल समाचार वेबसाइट के अनुभवी संवाददाता हैं। मुंबई से कार्यरत नरेश जी समाचार की सटीकता और निष्पक्षता के लिए जाने जाते हैं। वे प्रमुख राष्ट्रीय और स्थानीय खबरों की रिपोर्टिंग करते हैं और अपने विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण से पाठकों को घटनाओं की गहरी समझ प्रदान करते हैं। नरेश जी की लेखनी में तथ्यपरक जानकारी के साथ-साथ घटनाओं की ताज़ा और भरोसेमंद प्रस्तुति देखने को मिलती है, जो प्रात:काल के पाठकों के लिए समाचार अनुभव को और समृद्ध बनाती है।

Next Story