सिंहस्थ कुंभ मेला 2027 की संभावित विशाल जनसैलाब की तैयारियों को देखते हुए मध्य रेलवे का भुसावल मंडल नासिक क्षेत्र के पांच महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशनों को अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस करने के लिए मिशन मोड पर कार्य कर रहा है। देवलाली, नासिक रोड, ओढ़ा, खेरवाड़ी और कसबे सुकने स्टेशनों पर आधारभूत संरचना के व्यापक विकास कार्य शुरू कर दिए गए हैं, जिनका उद्देश्य कुंभ के दौरान आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और उच्च गुणवत्ता वाली सेवाएं प्रदान करना है। इस वृहद परियोजना में यात्रियों को संभालने की क्षमता में वृद्धि, रेल संचालन में लचीलापन और भीड़ का प्रभावी प्रबंधन प्रमुखता से शामिल है।

इन पांचों स्टेशनों पर प्रस्तावित विकास कार्यों में अतिरिक्त यात्री प्लेटफॉर्मों का निर्माण, यार्ड रीमॉडलिंग, इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग प्रणाली की स्थापना, अतिरिक्त लूप एवं स्टेबलिंग लाइनों का निर्माण, रैंप सहित फुट ओवर ब्रिज, प्लेटफॉर्म कवर शेड, प्रतीक्षालयों का विकास, परिसंचरण क्षेत्र में सुधार, जलापूर्ति, स्वच्छता सुविधाएं, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट और रेल कर्मचारियों के लिए आवासीय एवं प्रशासनिक भवनों का निर्माण शामिल है।

देवलाली स्टेशन पर निर्माण कार्यों को गति देते हुए अतिरिक्त उच्च स्तरीय यात्री प्लेटफॉर्म, 73 मार्गों वाली इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग प्रणाली और 100 केएलडी क्षमता के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट पर कार्य प्रगति पर है। ईआई और ओसी भवनों का निर्माण पूर्ण कर सिग्नल एवं दूरसंचार विभाग को सौंपा जा चुका है। नासिक रोड स्टेशन को प्रमुख यात्री प्रबंधन केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है, जहां 12 मीटर और 6 मीटर चौड़े फुट ओवर ब्रिज के साथ ही सर्कुलेटिंग एरिया और यात्री सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। ओढ़ा स्टेशन पर 3.43 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण पूरा कर लिया गया है, जिसका कब्जा 19 मई 2026 को प्राप्त हुआ। खेरवाड़ी और कसबे सुकने स्टेशनों पर भी लूप लाइनों, फुट ओवर ब्रिज और प्लेटफॉर्म विकास के साथ ही भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया स्थानीय प्रशासन के समन्वय से निरंतर जारी है।

सभी पांच स्टेशनों पर भीड़ प्रबंधन हेतु समर्पित यात्री होल्डिंग एरिया के साथ जल भंडारण क्षमता बढ़ाने के लिए नए टैंकों का निर्माण किया जा रहा है। मध्य रेलवे की यह बहु-विभागीय योजना सिविल, ट्रैक, सिग्नलिंग एवं टेलीकम्युनिकेशन और विद्युत कार्यों के समन्वित कार्यान्वयन पर आधारित है, ताकि रेल यातायात प्रभावित हुए बिना ये सभी कार्य समय सीमा में पूरे किए जा सकें। सिंहस्थ कुंभ मेला 2027 के शाही स्नान के दौरान नासिक और त्र्यंबकेश्वर में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए भुसावल मंडल का यह बुनियादी ढांचा सुधार कार्य देश के सबसे बड़े धार्मिक आयोजनों में से एक को यादगार और सुविधाजनक बनाने में मील का पत्थर साबित होगा।

Khushi Rajane

Khushi Rajane

खुशी राजाने प्रात:काल न्यूज़ के प्रमुख संवाददाता हैं और मुंबई से ताज़ा और विश्वसनीय खबरें प्रस्तुत करती हैं। उनका विशेष ध्यान सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक मामलों पर रहता है, और वह घटनाओं की सटीक और निष्पक्ष रिपोर्टिंग के लिए जानी जाती हैं। खुशी राजाने की रिपोर्टिंग में तथ्यपरकता और गहराई का अद्भुत संतुलन मिलता है, जिससे पाठकों को हर खबर की पूरी जानकारी सरल और स्पष्ट तरीके से मिलती है।

Next Story