नांदेड़-मुंबई एक्सप्रेस और नांदेड़-टनकपुर एक्सप्रेस का शुभारंभ हुआ। जानिए नई ट्रेनों का समय, ठहराव, आरक्षण और पूरी जानकारी।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तथा रेल, सूचना एवं प्रसारण एवं इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने 6 जुलाई 2026 को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से नांदेड़-लोकमान्य तिलक टर्मिनस (एलटीटी) मुंबई एक्सप्रेस, नांदेड़-टनकपुर एक्सप्रेस तथा टनकपुर-पीलीभीत ट्रेन सेवा के शाहजहांपुर तक विस्तार का शुभारंभ किया। इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह, केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद तथा केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े।

हजूर साहिब नांदेड़ रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में सांसद अशोकराव शंकरराव चव्हाण, डॉ. अजीत माधवराव गोपछड़े, रविंद्र वसंतराव चव्हाण, बलवंत वानखेडे, नांदेड़-वाघाला की महापौर कविता संतोष मुले, विधान परिषद सदस्य अमरनाथ राजूरकर सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि नांदेड़ विशेष रूप से सिख समुदाय के लिए एक प्रमुख आध्यात्मिक एवं तीर्थस्थल है और इन नई ट्रेनों के संचालन से नांदेड़ की मुंबई, उत्तराखंड तथा उत्तर भारत के क्षेत्रों से रेल संपर्क बेहतर होगा। उन्होंने कहा कि जहां बड़ी संख्या में ट्रेनें मनमाड़-भुसावल-अकोला मार्ग से गुजरती हैं, वहीं आज शुरू की गई नांदेड़-मुंबई ट्रेनें वाशिम, हिंगोली डेक्कन और बसमत जैसे क्षेत्रों को भी जोड़ेंगी, जिससे विदर्भ और मराठवाड़ा को आवश्यक रेल संपर्क मिलेगा।

शुभारंभ अवसर पर 07667 नांदेड़-लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस की विशेष उद्घाटन सेवा को हजूर साहिब नांदेड़ से रवाना किया गया। यह ट्रेन 18 एलएचबी कोचों के साथ संचालित हुई, जिनमें 2 एसी द्वितीय श्रेणी, 4 एसी तृतीय श्रेणी, 6 स्लीपर श्रेणी, 4 सामान्य द्वितीय श्रेणी, 1 जनरेटर वैन तथा 1 द्वितीय बैठक सह गार्ड ब्रेक वैन शामिल थे। उद्घाटन विशेष सेवा का ठहराव पूर्णा, बसमत, हिंगोली डेक्कन, वाशिम, अकोला, मलकापुर, भुसावल, चालीसगांव, मनमाड़, नासिक रोड तथा कल्याण स्टेशनों पर रहा।

नांदेड़-मुंबई एक्सप्रेस की नियमित सेवाएं भी निर्धारित तिथियों से शुरू होंगी। ट्रेन संख्या 17667 हजूर साहिब नांदेड़-एलटीटी एक्सप्रेस 8 जुलाई 2026 से, ट्रेन संख्या 17668 एलटीटी-हजूर साहिब नांदेड़ एक्सप्रेस 9 जुलाई 2026 से, ट्रेन संख्या 17665 हजूर साहिब नांदेड़-एलटीटी एक्सप्रेस 13 जुलाई 2026 से तथा ट्रेन संख्या 17666 एलटीटी-हजूर साहिब नांदेड़ एक्सप्रेस 14 जुलाई 2026 से नियमित रूप से संचालित होगी।

ट्रेन संख्या 17666 एलटीटी-नांदेड़ साप्ताहिक एक्सप्रेस प्रत्येक मंगलवार को लोकमान्य तिलक टर्मिनस से शाम 4:35 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 9:10 बजे हजूर साहिब नांदेड़ पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 17665 नांदेड़-एलटीटी साप्ताहिक एक्सप्रेस प्रत्येक सोमवार रात 9:15 बजे हजूर साहिब नांदेड़ से रवाना होकर अगले दिन दोपहर 1:40 बजे एलटीटी पहुंचेगी। इस सेवा का ठहराव कल्याण, नासिक रोड, मनमाड़, चालीसगांव, भुसावल, मलकापुर, अकोला, वाशिम, हिंगोली डेक्कन, बसमत तथा पूर्णा स्टेशनों पर रहेगा।

ट्रेन संख्या 17668 एलटीटी-नांदेड़ साप्ताहिक एक्सप्रेस प्रत्येक गुरुवार को शाम 4:55 बजे एलटीटी से रवाना होकर अगले दिन सुबह 9:10 बजे हजूर साहिब नांदेड़ पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 17667 नांदेड़-एलटीटी साप्ताहिक एक्सप्रेस प्रत्येक बुधवार रात 9:15 बजे हजूर साहिब नांदेड़ से रवाना होकर अगले दिन दोपहर 1:00 बजे एलटीटी पहुंचेगी। इस सेवा का ठहराव कल्याण, नासिक रोड, मनमाड़, भुसावल, मलकापुर, अकोला, वाशिम, हिंगोली डेक्कन, बसमत तथा पूर्णा स्टेशनों पर रहेगा।

दोनों नियमित ट्रेनों में 1 एसी प्रथम श्रेणी, 2 एसी द्वितीय श्रेणी, 6 एसी तृतीय श्रेणी, 7 स्लीपर श्रेणी, 4 सामान्य द्वितीय श्रेणी, 1 जनरेटर वैन तथा 1 द्वितीय बैठक सह गार्ड ब्रेक वैन की संरचना रहेगी। ट्रेन संख्या 17666 और 17668 के लिए आरक्षण 8 जुलाई 2026 से सभी कम्प्यूटरीकृत आरक्षण केंद्रों तथा आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर शुरू होगा। यात्री टिकट बुकिंग के लिए RailOne ऐप का भी उपयोग कर सकेंगे। ट्रेनों के विस्तृत समय की जानकारी इंडियन रेलवे की आधिकारिक पूछताछ वेबसाइट तथा एनटीईएस ऐप पर उपलब्ध रहेगी।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story