मुंबई में भारी बारिश से रेल यातायात प्रभावित, कई ट्रेनें निरस्त और प्रमुख एक्सप्रेस का बदला मार्ग
मुंबई सेंट्रल मंडल में भारी बारिश से जलभराव के कारण रेल यातायात प्रभावित हुआ। कई ट्रेनें निरस्त की गईं, जबकि प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों का मार्ग बदला गया।

तस्वीर में भारी बारिश के बाद मुंबई सेंट्रल मंडल के एक स्टेशन पर रेलवे ट्रैक पानी में डूबा हुआ नजर आ रहा है।
पश्चिम रेलवे के मुंबई सेंट्रल मंडल में लगातार हो रही भारी वर्षा के कारण वसई रोड, नालासोपारा और विरार सेक्शन में जलभराव होने से रेल यातायात प्रभावित हो गया है। यात्रियों की सुरक्षा और परिचालनिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने कुछ ट्रेनों को निरस्त करने के साथ ही कुछ ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित किया है।
रेलवे द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, 07.07.2026 को चलने वाली 19016 पोरबंदर–दादर एक्सप्रेस, 19218 वेरावल–बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस तथा 12941 भावनगर टर्मिनस–आसनसोल एक्सप्रेस को निरस्त कर दिया गया है। इसके अलावा 09.07.2026 को चलने वाली 12942 आसनसोल–भावनगर टर्मिनस एक्सप्रेस भी निरस्त रहेगी।
भारी बारिश के कारण कुछ ट्रेनों का मार्ग भी परिवर्तित किया गया है। 06.07.2026 की 20495 जोधपुर–हडपसर एक्सप्रेस अब सूरत–पालधी–जलगांव–मनमाड–दौंड कॉर्ड लाइन–पुणे मार्ग से संचालित होगी। इसी प्रकार 06.07.2026 की 22497 श्रीगंगानगर–तिरुचिरापल्ली एक्सप्रेस भी सूरत–पालधी–जलगांव–मनमाड–दौंड कॉर्ड लाइन–पुणे मार्ग से चलेगी।
पश्चिम रेलवे ने स्पष्ट किया है कि मुंबई सेंट्रल मंडल के वसई रोड, नालासोपारा और विरार सेक्शन में जलभराव की स्थिति के चलते यात्रियों की सुरक्षा और रेल परिचालन को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। इसके चलते संबंधित ट्रेनों के संचालन पर सीधा प्रभाव पड़ा है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
