मध्य रेलवे: पलसधरी-खोपोली के बीच रात में 3 घंटे का ब्लॉक, कई लोकल रद्द
ट्रैक सुरक्षा और बुनियादी ढांचे के रखरखाव के लिए मध्य रेल ने शुक्रवार से दो महीने के लिए नाइट ब्लॉक की घोषणा की है।

मध्य रेल के मुंबई मंडल द्वारा टीएसआर कार्य के लिए पलसधरी और खोपोली के बीच प्रत्येक गुरुवार, शुक्रवार एवं शनिवार को दो माह की अवधि के लिए विशेष यातायात एवं पावर ब्लॉक संचालित किया जाएगा। यह ब्लॉक 18/19 सितंबर 2026 यानी शुक्रवार/शनिवार की मध्यरात्रि से शुरू होगा। इन दिनों प्रत्येक मध्यरात्रि 01.30 बजे से 04.30 बजे तक तीन घंटे का ब्लॉक रहेगा।
मध्य रेल के अनुसार, ब्लॉक के दौरान पलसधरी से खोपोली के बीच उपनगरीय ट्रेन सेवाएं उपलब्ध नहीं रहेंगी। इस अवधि में खोपोली-कर्जत लोकल, जो खोपोली से 00.30 बजे रवाना होती है, रद्द रहेगी। वहीं सीएसएमटी-खोपोली लोकल, जो सीएसएमटी से 23.18 बजे रवाना होती है, का शॉर्ट टर्मिनेशन कर्जत स्टेशन पर किया जाएगा।
ब्लॉक से पहले खोपोली के लिए अंतिम लोकल सीएसएमटी-खोपोली लोकल होगी, जो सीएसएमटी से 22.57 बजे रवाना होगी। खोपोली से ब्लॉक से पहले अंतिम लोकल खोपोली-कर्जत लोकल होगी, जो खोपोली से 23.20 बजे रवाना होगी।
ब्लॉक समाप्त होने के बाद खोपोली के लिए पहली लोकल कर्जत-खोपोली लोकल होगी, जो कर्जत से 05.43 बजे रवाना होगी। वहीं खोपोली से ब्लॉक के बाद पहली लोकल खोपोली-सीएसएमटी लोकल होगी, जो खोपोली से 04.50 बजे रवाना होगी।
मध्य रेल ने बताया कि ये रखरखाव ब्लॉक बुनियादी ढांचे के रखरखाव एवं संरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक हैं। यात्रियों को होने वाली असुविधा के लिए मध्य रेल ने खेद व्यक्त किया है।
यह प्रेस विज्ञप्ति 16 सितंबर 2026 को जारी की गई। प्रेस विज्ञप्ति क्रमांक 2026/09/25 के तहत इसे डॉ. स्वप्नील निला, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, मध्य रेल, छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस, मुंबई द्वारा जारी किया गया है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
