2 अगस्त को मध्य रेलवे पर मेगा ब्लॉक, मेन और हार्बर लाइन की कई लोकल सेवाएं रहेंगी प्रभावित
2 अगस्त 2026 को मध्य रेलवे के मेगा ब्लॉक से मुंबई की मेन और हार्बर लाइन की कई लोकल सेवाएं प्रभावित रहेंगी। जानिए कौन-कौन सी ट्रेनें रद्द और डायवर्ट रहेंगी।

तस्वीर में रेलवे ट्रैक पर निर्माण और रखरखाव कार्य करते हुए रेलवे कर्मचारी और खुदाई मशीनें दिखाई दे रही हैं।
मध्य रेलवे के मुंबई मंडल में 2 अगस्त 2026 (रविवार) को विभिन्न अभियांत्रिकी और रखरखाव कार्यों के लिए मेन लाइन पर माटुंगा से मुलुंड तथा हार्बर लाइन पर छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस से चुनाभट्टी/वांद्रे स्टेशन के बीच मेगा ब्लॉक लिया जाएगा। इस दौरान दोनों मार्गों पर कई लोकल सेवाएं प्रभावित रहेंगी और कुछ सेवाएं रद्द भी रहेंगी।
मेन लाइन पर माटुंगा और मुलुंड स्टेशनों के बीच अप तथा डाउन फास्ट लाइन पर सुबह 11.05 बजे से दोपहर 3.45 बजे तक ब्लॉक रहेगा। छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस से सुबह 10.36 बजे से दोपहर 3.10 बजे के बीच रवाना होने वाली डाउन फास्ट लाइन की ट्रेनों को माटुंगा से डाउन स्लो लाइन पर डायवर्ट किया जाएगा। ये ट्रेनें माटुंगा और मुलुंड के बीच निर्धारित सभी स्टेशनों पर रुकेंगी तथा अपने गंतव्य तक लगभग 15 मिनट की देरी से पहुंचेंगी। ठाणे के आगे जाने वाली फास्ट ट्रेनें मुलुंड से पुनः डाउन फास्ट लाइन पर संचालित की जाएंगी।
इसी प्रकार ठाणे से सुबह 11.03 बजे से दोपहर 3.38 बजे के बीच रवाना होने वाली अप फास्ट लाइन की ट्रेनों को मुलुंड स्टेशन पर अप स्लो लाइन पर डायवर्ट किया जाएगा। ये ट्रेनें मुलुंड और माटुंगा के बीच निर्धारित स्टेशनों पर ठहरेंगी, माटुंगा से पुनः अप फास्ट लाइन पर लौटेंगी और अपने गंतव्य तक लगभग 15 मिनट की देरी से पहुंचेंगी।
हार्बर लाइन पर छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस से चुनाभट्टी/वांद्रे की डाउन लाइन पर सुबह 11.40 बजे से शाम 4.40 बजे तक तथा चुनाभट्टी/वांद्रे से छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस की अप लाइन पर सुबह 11.10 बजे से शाम 4.10 बजे तक मेगा ब्लॉक रहेगा।
ब्लॉक के कारण छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस से सुबह 11.16 बजे से शाम 4.47 बजे के बीच वाशी, बेलापुर और पनवेल जाने वाली डाउन हार्बर लाइन की सभी ट्रेनें तथा सुबह 10.48 बजे से शाम 4.43 बजे के बीच वांद्रे और गोरेगांव जाने वाली डाउन हार्बर लाइन की ट्रेनें रद्द रहेंगी।
इसी तरह पनवेल, बेलापुर और वाशी से सुबह 9.53 बजे से दोपहर 3.20 बजे के बीच छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस आने वाली ट्रेनें तथा गोरेगांव और वांद्रे से सुबह 10.45 बजे से शाम 5.13 बजे के बीच छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस के लिए चलने वाली अप हार्बर लाइन सेवाएं भी बंद रहेंगी।
ब्लॉक की अवधि के दौरान पनवेल और कुर्ला (प्लेटफॉर्म संख्या 8) के बीच प्रत्येक 20 मिनट के अंतराल पर विशेष लोकल सेवाएं चलाई जाएंगी। वहीं हार्बर लाइन के यात्रियों को सुबह 10.00 बजे से शाम 6.00 बजे तक मेन लाइन और पश्चिम रेलवे की सेवाओं से यात्रा करने की अनुमति रहेगी।
मध्य रेलवे ने कहा है कि आधारभूत संरचना के रखरखाव और सुरक्षित रेल संचालन के लिए यह मेगा ब्लॉक आवश्यक है। रेल प्रशासन ने यात्रियों को होने वाली असुविधा के लिए खेद व्यक्त किया है। यह प्रेस विज्ञप्ति 31 जुलाई 2026 को जारी की गई। प्रेस विज्ञप्ति क्रमांक 2026/07/62 के अनुसार इसे मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. स्वप्नील निला ने छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस, मुंबई से जारी किया है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
