भारतीय रेलवे के आधुनिकीकरण में अग्रणी भूमिका निभा रही मॉडर्न कोच फैक्ट्री (एमसीएफ), रायबरेली ने कर्नाटक के हुबली में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की औद्योगिक प्रदर्शनी 'इन्कोमेक्स-2026' में अपनी तकनीकी श्रेष्ठता का लोहा मनवाया है। रेलवे बोर्ड के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में एमसीएफ रायबरेली द्वारा कर्नाटक चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (केसीसीआई) के तत्वावधान में 25 से 29 अप्रैल 2026 तक चलने वाले इस भव्य आयोजन में सक्रिय सहभागिता दर्ज की जा रही है। प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य रेलवे और उद्योगों के बीच समन्वय को सुदृढ़ करना तथा भारतीय रेलवे की नवीनतम उपलब्धियों एवं तकनीकी नवाचारों को वैश्विक पटल पर प्रदर्शित करना है। इस संदर्भ में एमसीएफ ने एक अत्यंत आकर्षक स्टॉल स्थापित किया है, जहाँ अत्याधुनिक वंदे भारत कोच, एलएचबी कोच निर्माण प्रक्रिया, उत्पादन क्षमताओं और नवीन तकनीकों के बारे में विस्तार से जानकारी प्रस्तुत की गई है।

उल्लेखनीय है कि एमसीएफ रायबरेली अपनी स्थापना के समय से अब तक 15,000 से अधिक एलएचबी कोचों का निर्माण कर भारतीय रेलवे के कायाकल्प में महत्वपूर्ण योगदान दे चुकी है। ये कोच उच्च गति, उन्नत सुरक्षा विशेषताओं और आधुनिक यात्री सुविधाओं से सुसज्जित हैं। प्रदर्शनी के दौरान विशेष रूप से स्थापित 'रेलवे वेंडर डेवलपमेंट पवेलियन' के माध्यम से सूक्ष्म और मध्यम उद्यमों (MSMEs) को नए व्यावसायिक अवसरों की जानकारी प्रदान की जा रही है और उन्हें रेलवे की ई-प्रोक्योरमेंट प्रणाली (IREPS) से जोड़ने की प्रक्रिया समझाई जा रही है। इस कार्यक्रम के गरिमामयी उद्घाटन अवसर पर केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री श्री प्रहलाद जोशी, कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एवं सांसद श्री बी. एस. बोम्मई, कर्नाटक के कैबिनेट मंत्री श्री संतोष एस. लाड और केसीसीआई के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

एमसीएफ रायबरेली का प्रतिनिधित्व करते हुए जनसंपर्क अधिकारी अनिल कुमार श्रीवास्तव, एसएसई/डिजाइन के. के. श्रीवास्तव, श्रीराम सिंह, अंगद सिंह कुशवाहा और आलोक रंजन ने कार्यक्रम में अपनी प्रभावी उपस्थिति दर्ज कराई। यह आयोजन न केवल उद्योग और रेलवे के बीच सहयोग को नई ऊंचाइयां प्रदान करने का एक सुनहरा अवसर साबित हुआ है, बल्कि केंद्र सरकार की 'मेक इन इंडिया' पहल को भी जबरदस्त गति प्रदान कर रहा है। एमसीएफ की इस भागीदारी से तकनीकी आदान-प्रदान और भविष्य की रेल यात्रा को अधिक सुगम एवं सुरक्षित बनाने के संकल्प को नया बल मिला है।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story