रायबरेली/हुबली। रेल कोच निर्माण के क्षेत्र में वैश्विक मानक स्थापित कर रही मॉडर्न कोच फैक्ट्री (MCF) रायबरेली ने कर्नाटक के हुबली में आयोजित प्रतिष्ठित राष्ट्रीय औद्योगिक प्रदर्शनी 'आईएनकॉमेक्स-2026' में अपनी तकनीकी श्रेष्ठता और आधुनिक निर्माण क्षमताओं का प्रभावशाली प्रदर्शन किया है। कर्नाटक चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री द्वारा 25 से 29 अप्रैल 2026 तक आयोजित इस पांच दिवसीय प्रदर्शनी में मॉडर्न कोच फैक्ट्री ने रेलवे बोर्ड के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सक्रिय भागीदारी निभाते हुए भारतीय रेल और औद्योगिक जगत के मध्य समन्वय के नए द्वार खोले हैं।

प्रदर्शनी के केंद्र में रहा मॉडर्न कोच फैक्ट्री का भव्य स्टॉल, जहां अत्याधुनिक वंदे भारत और एलएचबी (LHB) कोचों की निर्माण प्रक्रिया, उन्नत तकनीक और उत्पादन क्षमताओं को विस्तृत रूप से प्रस्तुत किया गया। संस्थान ने अपनी ऐतिहासिक उपलब्धि को साझा करते हुए बताया कि स्थापना से लेकर अब तक फैक्ट्री ने 15 हजार से अधिक एलएचबी कोचों का निर्माण पूर्ण कर लिया है, जो वर्तमान में भारतीय रेल के आधुनिकीकरण की आधारशिला बने हुए हैं। उच्च गति, अभेद्य सुरक्षा प्रणाली और उत्कृष्ट यात्री सुविधाओं से लैस ये कोच न केवल यात्रा को सुगम बना रहे हैं, बल्कि आत्मनिर्भर भारत के विजन को भी धरातल पर उतार रहे हैं।

इस आयोजन के दौरान "रेलवे वेंडर डेवलपमेंट पवेलियन" एक महत्वपूर्ण आकर्षण रहा, जिसके माध्यम से सूक्ष्म एवं मध्यम उद्योगों (MSMEs) को रेलवे के विशाल नेटवर्क में उपलब्ध व्यापारिक अवसरों से अवगत कराया गया। उद्यमियों को रेलवे की ई-प्रोक्योरमेंट प्रणाली (IREPS) से जुड़ने की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई ताकि भविष्य में आपूर्ति श्रृंखला को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके। कार्यक्रम के गरिमामयी उद्घाटन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी और पूर्व मुख्यमंत्री बी.एस. बोम्मई सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे, जिन्होंने रेलवे की इस तकनीकी प्रगति की मुक्त कंठ से सराहना की। यह प्रदर्शनी न केवल रेलवे की उपलब्धियों का उत्सव है, बल्कि भविष्य की 'स्मार्ट' रेल यात्रा की दिशा में एक निर्णायक कदम भी सिद्ध हुई है।

Pratahkal HQ

Pratahkal HQ

Next Story