महेसाणा स्टेशन पर अधिक शुल्क वसूली पर सख्ती, पे-एंड-यूज ठेकेदार पर ₹5,000 जुर्माना
महेसाणा स्टेशन पर यूरिन के ₹1 की जगह ₹5 वसूले जाने की शिकायत पर रेलवे ने ठेकेदार पर ₹5,000 का जुर्माना लगाया।

महेसाणा रेलवे स्टेशन पर पे-एंड-यूज शौचालय में निर्धारित शुल्क से पांच गुना अधिक राशि वसूलने की शिकायत पर पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित ठेकेदार पर ₹5,000 का आर्थिक जुर्माना लगाया है। यह शिकायत 17.08.2026 को ‘रेल मदद’ पोर्टल पर एक यात्री ने दर्ज कराई थी।
यात्री ने शिकायत में बताया कि महेसाणा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर स्थित पे-एंड-यूज शौचालय में यूरिन के लिए निर्धारित ₹1 की जगह ₹5 शुल्क वसूला जा रहा है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मंडल रेल प्रबंधक (DRM) श्री वेद प्रकाश ने समीक्षा बैठक के दौरान सख्त रुख अपनाया और संबंधित ठेकेदार के खिलाफ उसी दिन ₹5,000 का आर्थिक जुर्माना लगाने के निर्देश जारी किए।
डीआरएम के निर्देश पर ठेकेदार के खिलाफ तत्काल दंडात्मक कार्रवाई की गई। पे-एंड-यूज सुविधा का ठेका M/s Aryan Samajik Seva Sansthan, New Delhi के पास है। इसकी अनुबंध अवधि 08/01/2026 से 07/01/2029 तक है।
रेल प्रशासन ने ठेकेदार को कड़ी हिदायत दी है कि भविष्य में यात्रियों से निर्धारित दर से अधिक शुल्क वसूलने या किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर अनुबंध रद्द करने जैसी कठोर कार्रवाई की जाएगी।
रेलवे द्वारा पे-एंड-यूज सुविधा के लिए स्वीकृत दरों के अनुसार यूरिन के लिए ₹1, टॉयलेट के लिए ₹5, बाथ या स्नान के लिए ₹10 तथा टॉयलेट एवं बाथ दोनों के लिए ₹10 निर्धारित हैं।
मंडल रेल प्रबंधक श्री वेद प्रकाश ने यात्रियों से अपील की है कि वे रेलवे परिसरों में केवल निर्धारित दरों का ही भुगतान करें। यदि कोई लाइसेंसधारक निर्धारित दर से अधिक राशि मांगता है, तो यात्री निर्भीक होकर ‘रेल मदद’ ऐप, टोल-फ्री नंबर 139 या नजदीकी स्टेशन मास्टर के पास शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
अहमदाबाद मंडल ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की शिकायतों का त्वरित निवारण करते हुए यात्री सुविधाओं, स्वच्छता और शुल्क व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई जारी रहेगी।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
