मेहसाणा के सांसद श्री हरिभाई पटेल ने अहमदाबाद स्थित मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में मंडल रेल प्रबंधक श्री वेद प्रकाश के साथ लगभग डेढ़ घंटे तक महत्वपूर्ण बैठक कर अपने संसदीय क्षेत्र से जुड़े रेलवे के विभिन्न जनहित के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में रेलवे प्रशासन के समक्ष रेलवे फाटकों, रोड अंडरब्रिज, फुट ओवरब्रिज, ग्रामीण संपर्क मार्गों, यात्री सुविधाओं, सुरक्षा कार्यों, नई ट्रेन सेवाओं तथा ट्रेनों के अतिरिक्त ठहराव सहित 20 से अधिक महत्वपूर्ण प्रस्ताव और मांगें रखी गईं।

बैठक के दौरान समपार फाटकों पर रोड अंडरब्रिज (RUB), फुट ओवरब्रिज (FOB) एवं अन्य वैकल्पिक मार्गों के निर्माण, बंद ग्रामीण संपर्क मार्गों को पुनः चालू करने, किसानों की खेतों तक सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने, रेलवे स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं के विस्तार, सुरक्षा संबंधी कार्यों तथा नई ट्रेन सेवाओं एवं ट्रेनों के ठहराव जैसे विभिन्न जनहित के विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श हुआ।

सांसद श्री हरिभाई पटेल ने मोटी दाऊ (अहमदाबाद–पालनपुर रेल लाइन) में पुराने समपार फाटक के स्थान पर किसानों एवं ग्रामीणों की सुविधा के लिए रोड अंडरब्रिज (RUB) के निर्माण की मांग की। उन्होंने समपार फाटक संख्या 209 के निकट बंद किए गए पुराने मार्ग को पुनः चालू रखने तथा समपार फाटक संख्या 209 पर रोड अंडरब्रिज बनाकर किसानों की आवाजाही सुगम बनाने का अनुरोध भी किया। बालवा गांव (विजापुर–गांधीनगर नई रेल लाइन) में पूर्व में बंद किए गए अंडरब्रिज संख्या 25 के पुनर्निर्माण अथवा पुनर्स्थापन की मांग करते हुए किसानों की खेतों तक पहुंच सुनिश्चित करने का मुद्दा भी उठाया। माणेकपुर–आदरज मोटी (विजापुर बड़ी लाइन) में समपार फाटक संख्या 27–28 के मध्य लगभग 10 मीटर मार्ग खुला रखने की मांग की, ताकि किसानों एवं ग्रामीणों का आवागमन बाधित न हो। कैयल–सेढ़ावी (अहमदाबाद–मेहसाणा रेल लाइन) में समपार फाटक संख्या 216 पर रोड अंडरब्रिज निर्माण की भी मांग रखी गई।

ऊंझा (अहमदाबाद–पालनपुर रेल लाइन डीएफसीसी कॉरिडोर) में अंडरब्रिज संख्या 198 के दोनों ओर लगाए गए हाई-गेज रिटेनिंग एंगल्स के कारण दृश्यता बाधित होने की समस्या का समाधान कर सुरक्षा में सुधार करने की मांग की गई। साथ ही बस स्टैंड तथा शहर के पूर्व एवं पश्चिम भाग को जोड़ने के लिए रेलवे लाइन पर नया फुट ओवरब्रिज (FOB) बनाने का प्रस्ताव भी रखा गया। आंबलियासन स्टेशन (अहमदाबाद–मेहसाणा रेल लाइन) पर समपार फाटक संख्या 213 पर रोड अंडरब्रिज निर्माण का प्रस्ताव दिया गया। पिलुदरा (मेहसाणा–तारंगा रेलखंड) में किसानों की सुविधा के लिए रेलवे लाइन के समानांतर लगभग 500 मीटर सड़क निर्माण की मांग की गई। कैयल गांव–डांगरवा–आंबलियासन क्षेत्र में रेलवे परियोजना के कारण बंद हुए खेत मार्ग को पुनः बहाल करने तथा स्थायी वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध कराने का अनुरोध भी किया गया।

बैठक में वडनगर रेलवे स्टेशन पर समपार फाटक संख्या 36 का चौड़ीकरण तथा दोनों ओर पर्याप्त सड़क चौड़ाई उपलब्ध कराने की मांग रखी गई। भांडु (अहमदाबाद–पालनपुर रेल लाइन) में अंडरब्रिज संख्या 946 (कटीपा–जेतलवासना मार्ग) के दोनों ओर बंद किए गए संपर्क मार्ग को पुनः खोलने तथा किसानों के लिए सड़क उपलब्ध कराने का मुद्दा भी उठाया गया। कांसा गांव (विसनगर–मेहसाणा रेल लाइन) में समपार फाटक संख्या 15 के निकट सेफ्टी वॉल में आवश्यक मार्ग निकास उपलब्ध कराने की मांग की गई। संसारी–नोरता (मेहसाणा–पाटन रेल लाइन) में समपार फाटक संख्या 30C/E2 पर रोड अंडरब्रिज निर्माण का प्रस्ताव रखा गया। वहीं तंबोडियापरा (खेरालु) मेहसाणा–तारंगा हिल रेलखंड पर गांव के निकट समपार फाटक अथवा रोड अंडरब्रिज उपलब्ध कराने की मांग भी सांसद ने प्रमुखता से रखी।

इसके अतिरिक्त सांसद श्री हरिभाई पटेल ने रेलवे परियोजनाओं के कारण बंद हुए ग्रामीण संपर्क मार्गों के स्थायी समाधान, किसानों के खेतों तक सुरक्षित एवं निर्बाध पहुंच सुनिश्चित करने, विभिन्न स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं का विस्तार, नई ट्रेन सेवाएं प्रारंभ करने तथा महत्वपूर्ण ट्रेनों के अतिरिक्त ठहराव प्रदान करने संबंधी मांगों को भी विस्तार से रखा।

बैठक के दौरान मंडल रेल प्रबंधक श्री वेद प्रकाश ने सांसद द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों द्वारा प्रत्येक विषय का तकनीकी परीक्षण तथा व्यवहार्यता के आधार पर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि रेलवे यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा तथा क्षेत्र के समग्र विकास से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story