मध्य रेलवे ने स्वच्छता पंधरवाड़ा पर सजाए ईएमयू रेक, डीजल लोको और जनशताब्दी डिब्बे
मध्य रेलवे के महाव्यवस्थापक राजीव श्रीवास्तव ने 2 अक्टूबर 2026 को स्वच्छता पंधरवाड़ा और विशेष अभियान 6.0 के तहत सुधारित ईएमयू रेक, डीजल लोकोमोटिव और जनशताब्दी डिब्बों का निरीक्षण किया।

मुंबई। मध्य रेलवे के महाव्यवस्थापक श्री राजीव श्रीवास्तव ने 2 अक्टूबर 2026 को ‘स्वच्छता पंधरवाड़ा-2026’ और ‘विशेष अभियान 6.0’ के शुभारंभ के अवसर पर विभिन्न स्वच्छता आधारित पहलों का निरीक्षण किया। उन्होंने महात्मा गांधी के चित्रों और ‘स्वच्छता पंधरवाड़ा’ की थीम पर आधारित कलाकृतियों से सजाए गए दो सुधारित ईएमयू रेक और एक डीजल लोकोमोटिव का निरीक्षण किया। इसके साथ ही जनशताब्दी एक्सप्रेस के सुधारित डिब्बों को भी देखा।
श्री राजीव श्रीवास्तव ने प्लेटफॉर्म नंबर 2 और 3 पर खड़े दो ईएमयू रेक का निरीक्षण किया। इन रेक के अंदर और बाहर महात्मा गांधी के चित्रों के साथ स्वच्छता संबंधी संदेशों की विशेष सजावट की गई थी। डिब्बों के बाहरी हिस्से पर महात्मा गांधी और ‘स्वच्छता पंधरवाड़ा’ की थीम पर आधारित कलाकृतियां बनाई गई हैं, जिनके माध्यम से स्वच्छता और स्वास्थ्य का संदेश दिया गया है।
डिब्बों के अंदरूनी पैनलों पर सुरक्षा और आकर्षक स्वरूप के लिए ‘फ्लीट ग्राफिक्स फिल्म’ लगाई गई है। सामान रखने वाले डिब्बे में बदलाव कर उसे वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष डिब्बे में परिवर्तित किया गया है। इसमें आपात स्थिति में सहायता के लिए संपर्क व्यवस्था भी स्थापित की गई है।
स्टेनलेस स्टील की ग्रिल और खिड़कियों के लूवर्स को व्यवस्थित तरीके से बफ और साफ कर उनका मूल स्वरूप बहाल किया गया है। इससे डिब्बों को नया और सुव्यवस्थित स्वरूप मिला है। यात्रियों की सुविधा और यात्रा के समग्र अनुभव को बेहतर बनाने के लिए सभी प्रथम श्रेणी के डिब्बों में कुशन वाले मानक सीट लगाए गए हैं।
दोनों सिरों पर स्थित ड्राइविंग कैब में भी सुधार किए गए हैं। इनमें ‘लुक-आउट ग्लासेस’ यानी सामने के शीशों को नवीनीकृत कर लगाया गया है। पानी के प्रवेश को रोकने के लिए ‘विंडशील्ड बॉन्डिंग सीलेंट’ का उपयोग कर शीशों को उचित तरीके से सील किया गया है।
महाव्यवस्थापक ने प्लेटफॉर्म नंबर 8 पर खड़े एक डीजल लोकोमोटिव का भी निरीक्षण किया। इस लोकोमोटिव पर महात्मा गांधी का चित्र और उनका स्वच्छता संदेश विशेष रूप से रंगा गया था। इसके बाद उन्होंने जनशताब्दी एक्सप्रेस के सुधारित डिब्बों का निरीक्षण किया। भारतीय रेलवे में जनशताब्दी एक्सप्रेस के डिब्बों के श्रेणीसुधार पर एक वीडियो प्रस्तुति भी दी गई।
इसके बाद महाव्यवस्थापक ने पर्यावरण और हाउसकीपिंग प्रबंधन विभाग की ओर से आयोजित ‘वेस्ट टू आर्ट’ यानी कचरे से कलाकृति की अवधारणा पर आधारित प्रदर्शनी का दौरा किया। उन्होंने मध्य रेलवे सांस्कृतिक अकादमी की ओर से आयोजित ‘स्वच्छता ही सेवा’ विषय पर पथनाट्य भी देखा। इसे मुंबई मंडल और माटुंगा/परल वर्कशॉप के कलाकारों ने संयुक्त रूप से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के दौरान श्री अनूप कुमार अग्रवाल, अपर महाव्यवस्थापक एवं प्रधान मुख्य विद्युत अभियंता, श्री एस. के. सागर, प्रधान मुख्य यांत्रिक अभियंता, विभिन्न विभागों के प्रमुख, श्री हिरेश मीना, मंडल रेल प्रबंधक, मुंबई मंडल सहित मध्य रेलवे के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
सुव्यवस्थित स्वच्छता अभियानों और व्यापक जनभागीदारी के समन्वय के माध्यम से मध्य रेलवे ने अपने सभी मार्गों पर यात्रियों को बेहतर, पर्यावरण-अनुकूल और स्वच्छ यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया है।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
