लखनऊ स्टेशन पर बुनियादी ढांचे के कार्य से कई ट्रेनों का मार्ग बदला
उत्तर रेलवे द्वारा ओएचई (OHE) सुधार कार्य के चलते लखनऊ से गुजरने वाली कई प्रमुख ट्रेनों के रूट में बदलाव और अतिरिक्त ठहराव की व्यवस्था की गई है।

उत्तर रेलवे के लखनऊ स्टेशन पर बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने और ओएचई (OHE) में आवश्यक परिवर्तन कार्य हेतु लिए गए ब्लॉक के कारण रेल यातायात प्रभावित रहेगा। इस तकनीकी कार्य के चलते कई ट्रेनों के परिचालन मार्ग को अस्थायी रूप से परिवर्तित किया गया है, साथ ही यात्रियों की सुविधा हेतु कुछ ट्रेनों को वैकल्पिक स्टेशनों पर अतिरिक्त ठहराव (हॉल्ट) भी प्रदान किया गया है।
गांधीधाम-कामाख्या साप्ताहिक एक्सप्रेस (15667) दिनांक 27 जून से 12 सितंबर, 2026 तक अपने निर्धारित मार्ग कानपुर सेंट्रल-लखनऊ-बाराबंकी के स्थान पर परिवर्तित मार्ग कानपुर सेंट्रल-ऐशबाग-मल्हौर-बाराबंकी होकर चलेगी। इसी क्रम में, काव्याख्या-गांधीधाम साप्ताहिक एक्सप्रेस (15668) दिनांक 01 जुलाई से 09 सितंबर, 2026 तक बाराबंकी-लखनऊ-कानपुर सेंट्रल के निर्धारित मार्ग को छोड़कर बाराबंकी-मल्हौर-ऐशबाग-कानपुर सेंट्रल के रास्ते संचालित होगी।
गांधीधाम-भागलपुर स्पेशल (09451) दिनांक 26 जून से 10 जुलाई, 2026 तक मानकनगर-लखनऊ-मल्हौर के बजाय मानकनगर-ऐशबाग-मल्हौर मार्ग से चलेगी और इस अवधि में ऐशबाग व बादशाहनगर स्टेशनों पर रुकेगी। भागलपुर-गांधीधाम स्पेशल (09452) दिनांक 29 जून व 6 जुलाई, 2026 को मल्हौर-लखनऊ-मानकनगर के स्थान पर मल्हौर-ऐशबाग-मानकनगर होकर जाएगी तथा ऐशबाग व बादशाहनगर में अतिरिक्त ठहराव लेगी।
साबरमती-गोरखपुर द्वि-साप्ताहिक एक्सप्रेस (19409) दिनांक 11 जुलाई से 12 सितंबर, 2026 तक मानकनगर-लखनऊ-मल्हौर के स्थान पर मानकनगर-ऐशबाग-मल्हौर के रास्ते संचालित होगी और ऐशबाग व बादशाहनगर में रुकेगी। इसी प्रकार, गोरखपुर-साबरमती द्वि-साप्ताहिक एक्सप्रेस (19410) दिनांक 11 जुलाई से 12 सितंबर, 2026 तक बाराबंकी-लखनऊ-मानकनगर के बजाय बाराबंकी-मल्हौर-ऐशबाग-मानकनगर होकर चलेगी तथा बादशाहनगर व ऐशबाग में अतिरिक्त ठहराव करेगी।
साबरमती-मुजफ्फरपुर जनसाधारण एक्सप्रेस (15270) दिनांक 11 जुलाई से 12 सितंबर, 2026 तक कानपुर सेंट्रल-लखनऊ-बाराबंकी के स्थान पर कानपुर सेंट्रल-ऐशबाग-मल्हौर-बाराबंकी मार्ग से चलेगी और ऐशबाग व बादशाहनगर में रुकेगी। ओखा-गुवाहाटी साप्ताहिक एक्सप्रेस (15635) 26 जून से 11 सितंबर, 2026 तक कानपुर सेंट्रल-लखनऊ-बाराबंकी के बजाय कानपुर सेंट्रल-ऐशबाग-मल्हौर-बाराबंकी होकर और गुवाहाटी-ओखा साप्ताहिक एक्सप्रेस (15636) 29 जून से 7 सितंबर, 2026 तक बाराबंकी-लखनऊ-कानपुर सेंट्रल के स्थान पर बाराबंकी-मल्हौर-ऐशबाग-कानपुर सेंट्रल होकर चलेगी।
वाराणसी सिटी-अहमदाबाद (साबरमती) एक्सप्रेस (19168) दिनांक 26 जून से 10 जुलाई, 2026 तक मल्हौर-लखनऊ-मानकनगर के बजाय मल्हौर-ऐशबाग-मानकनगर मार्ग से चलेगी और ऐशबाग व बादशाहनगर में रुकेगी। दरभंग-अहमदाबाद (साबरमती) एक्सप्रेस (19166) दिनांक 27 जून से 11 जुलाई, 2026 तक इसी परिवर्तित मार्ग से जाकर ऐशबाग व बादशाहनगर में रुकेगी। सुल्तानपुर-साबरमती साप्ताहिक एक्सप्रेस (20940) दिनांक 1 व 8 जुलाई, 2026 को और वाराणसी-साबरमती साप्ताहिक एक्सप्रेस (20964) दिनांक 27 जून व 4, 11 जुलाई, 2026 को उत्रेटिया-लखनऊ-आलम नगर के बजाय उत्रेटिया-ट्रांसपोर्ट नगर-आलम नगर होकर चलेगी और उत्रेटिया व आलम नगर में अतिरिक्त ठहराव लेगी।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से आग्रह किया है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले इन परिवर्तनों को ध्यान में रखें। ट्रेनों के संशोधित ठहराव, समय और विस्तृत संरचना की जानकारी के लिए यात्री आधिकारिक वेबसाइट www.enquiry.indianrail.gov.in पर जाकर अवलोकन कर सकते हैं।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
