मुंबई। पश्चिम रेलवे के मुंबई सेंट्रल स्थित जगजीवन राम अस्पताल (जेआरएच) ने हृदय चिकित्सा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। अस्पताल के चिकित्सकों ने हाइपरट्रॉफिक कार्डियोमायोपैथी और डेक्स्ट्रोकार्डिया विद साइटस इनवर्सस जैसी दुर्लभ हृदय संबंधी स्थितियों से जूझ रहे 43 वर्षीय मरीज में सफलतापूर्वक लीडलेस पेसमेकर प्रत्यारोपित किया है। भारत में इस तरह की यह पहली प्रक्रिया है और दुनियाभर में भी ऐसे गिने-चुने मामले ही सामने आए हैं।

पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अरुण कुमार मीणा की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मरीज को मध्य रेलवे से जगजीवन राम अस्पताल रेफर किया गया था। मरीज जन्मजात दुर्लभ स्थिति से पीड़ित था, जिसमें हृदय और शरीर के अन्य आंतरिक अंग अपनी सामान्य स्थिति के विपरीत दर्पण प्रतिबिंब की तरह व्यवस्थित होते हैं। इसे डेक्स्ट्रोकार्डिया विद साइटस इनवर्सस कहा जाता है।

पिछले दो वर्षों के दौरान मरीज को बार-बार होने वाली जटिलताओं के कारण हृदय संबंधी उपकरणों के प्रत्यारोपण और उन्हें बदलने के लिए कई प्रक्रियाओं से गुजरना पड़ा था। जगजीवन राम अस्पताल में भी एक अन्य प्रयास किया गया, लेकिन इसी तरह की जटिलताएं सामने आने के कारण प्रत्यारोपण के एक महीने के भीतर उपकरण निकालना पड़ा। इसके बाद मरीज को अस्थायी पेसमेकर के सहारे रखा गया।

मरीज की जटिल चिकित्सकीय स्थिति, बार-बार सामने आ रही परेशानियों और पारंपरिक हृदय उपकरणों के लिए रक्त वाहिकाओं के माध्यम से सुरक्षित रास्ता उपलब्ध नहीं होने को देखते हुए जेआरएच की कार्डियोलॉजी टीम ने उन्नत उपचार पद्धति अपनाने का निर्णय लिया। टीम ने डेक्स्ट्रोकार्डिया और साइटस इनवर्सस के कारण उत्पन्न तकनीकी एवं शारीरिक संरचना संबंधी चुनौतियों के बावजूद MICRA AV1 लीडलेस पेसमेकर का सफल प्रत्यारोपण किया।

इस जटिल प्रक्रिया को अंजाम देने वाली जगजीवन राम अस्पताल की कार्डियोलॉजी टीम में डॉ. शिशिर कुमार राउल, डॉ. अविनाश अर्के और डॉ. टी. एन. श्रीकांत शामिल थे। टीम को दिल्ली के इंद्रप्रस्थ अपोलो अस्पताल की वरिष्ठ इलेक्ट्रोफिजियोलॉजिस्ट और इंडियन हार्ट रिदम सोसाइटी की अध्यक्ष डॉ. वनिता अरोड़ा का मार्गदर्शन मिला।

अस्पताल में इस दुर्लभ और चुनौतीपूर्ण प्रक्रिया की सफलता जगजीवन राम अस्पताल की कार्डियोलॉजी टीम की चिकित्सकीय विशेषज्ञता और उन्नत चिकित्सा क्षमताओं को दर्शाती है। यह उपलब्धि पश्चिम रेलवे की अपने लाभार्थियों को उन्नत और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की निरंतर प्रतिबद्धता को भी रेखांकित करती है।

Next Story