अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर पश्चिम रेलवे महिला कल्याण संगठन (WRWWO), अहमदाबाद मंडल द्वारा मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में गरिमामय समारोह आयोजित कर श्रम, समर्पण और निष्ठा की मिसाल पेश करने वाले रेलकर्मियों को सम्मानित किया गया।

समारोह में मंडल के विभिन्न विभागों के 30 रेलकर्मियों को प्रशंसा पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर उनके कठोर परिश्रम, लगन और कर्तव्यनिष्ठ कार्यों की सराहना की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि मंडल रेल प्रबंधक श्री वेद प्रकाश सहित अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।

इस अवसर पर WRWWO अहमदाबाद मंडल की अध्यक्षा श्रीमती शेफाली गुप्ता ने सभी रेलकर्मियों को मजदूर दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारतीय रेल देश की जीवन रेखा है और इसकी मजबूती के पीछे लाखों कर्मचारियों का अथक परिश्रम निहित है। उन्होंने कहा कि ट्रैकमैन, गार्ड, लोको पायलट, तकनीकी कर्मचारी या स्टेशन स्टाफ—हर कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी को पूर्ण निष्ठा से निभाता है। मजदूर दिवस प्रत्येक श्रमिक के अमूल्य योगदान के सम्मान का संदेश देता है।

मंडल रेल प्रबंधक श्री वेद प्रकाश ने अपने संबोधन में रेलकर्मियों की लगन और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि लाइन पर कार्य करने वाले कर्मचारी हर मौसम में निरंतर अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं, जो अत्यंत प्रशंसनीय है। उन्होंने कहा कि भारतीय रेल केवल पटरियों और ट्रेनों का नेटवर्क नहीं, बल्कि कर्मचारियों की मेहनत, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा का प्रतीक है। दिन-रात, गर्मी-बरसात हर परिस्थिति में रेलकर्मी अपनी सेवाएं देकर देश की गति को बनाए रखते हैं।

समारोह में अपर मंडल रेल प्रबंधक श्रीमती मंजू मीणा, अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री विकास गढ़वाल, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्री सिद्धार्थ सहित अन्य अधिकारीगण, महिला कल्याण संगठन की सदस्याएं, रेलवे यूनियन एवं एसोसिएशन के पदाधिकारी तथा कर्मचारी उपस्थित रहे।

यह आयोजन श्रमिकों के योगदान को औपचारिक मान्यता देने के साथ भारतीय रेल व्यवस्था में उनकी केंद्रीय भूमिका को रेखांकित करता है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story