कुशीनगर एक्सप्रेस में सुरक्षित प्रसव: मुख्य टिकट निरीक्षक ने बचाई जान
मुख्य टिकट निरीक्षक आर. एस. तेली ने नर्स पूजा खरगे के सहयोग से भीड़भाड़ वाली ट्रेन के कोच में महिला की आपातकालीन डिलीवरी सुनिश्चित की।

भारतीय रेल की "यात्री सेवा एवं सुरक्षा" के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का एक जीवंत उदाहरण उस समय देखने को मिला जब मध्य रेलवे भुसावल मंडल के मुख्य टिकट निरीक्षक श्री आर. एस. तेली की तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता के कारण ट्रेन संख्या 22538 कुशीनगर एक्सप्रेस में एक गर्भवती महिला का सुरक्षित प्रसव संपन्न हुआ।
यह घटना दिनांक 10 मई 2026 की है, जब श्री आर. एस. तेली लोकमान्य तिलक टर्मिनस से भुसावल के बीच अपनी ड्यूटी पर तैनात थे। कल्याण स्टेशन से ट्रेन के प्रस्थान करने के बाद A/1 कोच के समीप स्थित जनरल डिब्बे से एक यात्री ने उन्हें सूचना दी कि कोच में सवार एक गर्भवती महिला को प्रसव पीड़ा असहनीय हो रही है। जनरल कोच में यात्रियों की अत्यधिक भीड़ होने के कारण स्थिति काफी नाजुक और गंभीर बनी हुई थी।
परिस्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए मुख्य टिकट निरीक्षक श्री आर. एस. तेली ने अविलंब निर्णय लिया और कसारा स्टेशन आने पर कुछ सह-यात्रियों की सहायता से गर्भवती महिला को सुरक्षित रूप से अपेक्षाकृत खुले स्थान यानी A/1 कोच के कैरी डोर क्षेत्र में स्थानांतरित किया। इस संकट के समय में सौभाग्य से उसी जनरल कोच में एक नर्स/डॉक्टर श्रीमती पूजा खरगे भी यात्रा कर रही थीं। श्री तेली के समन्वय और श्रीमती पूजा खरगे के चिकित्सकीय सहयोग से चलती ट्रेन में ही महिला का सुरक्षित एवं सामान्य प्रसव कराया गया, जिसके उपरांत एक स्वस्थ एवं सुंदर बालिका ने जन्म लिया।
प्रसव के तुरंत बाद घटना की सूचना मुख्य वाणिज्य नियंत्रक मुंबई को प्रेषित की गई, जिसके परिणामस्वरूप इगतपुरी स्टेशन पर तत्काल एंबुलेंस, स्ट्रेचर, डॉक्टर एवं उप स्टेशन अधीक्षक की व्यवस्था सुनिश्चित की गई। जैसे ही ट्रेन इगतपुरी पहुंची, जच्चा-बच्चा को तत्काल आवश्यक चिकित्सकीय उपचार एवं गहन देखभाल हेतु रेलवे अस्पताल भेज दिया गया।
मुख्य टिकट निरीक्षक श्री आर. एस. तेली की इस त्वरित कार्रवाई, कर्तव्यपरायणता और मानवीय दृष्टिकोण की न केवल रेल यात्रियों बल्कि संपूर्ण रेलवे प्रशासन द्वारा भूरि-भूरि प्रशंसा की जा रही है। यह सुखद घटना रेल कर्मचारियों के उस जज्बे को रेखांकित करती है जहाँ वे अपने कर्तव्यों से ऊपर उठकर मानवता की सेवा को सर्वोपरि रखते हैं।

Khushi Rajane
खुशी राजाने प्रात:काल न्यूज़ के प्रमुख संवाददाता हैं और मुंबई से ताज़ा और विश्वसनीय खबरें प्रस्तुत करती हैं। उनका विशेष ध्यान सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक मामलों पर रहता है, और वह घटनाओं की सटीक और निष्पक्ष रिपोर्टिंग के लिए जानी जाती हैं। खुशी राजाने की रिपोर्टिंग में तथ्यपरकता और गहराई का अद्भुत संतुलन मिलता है, जिससे पाठकों को हर खबर की पूरी जानकारी सरल और स्पष्ट तरीके से मिलती है।
