कोटा मंडल में वंदे भारत प्लेटफॉर्म आधारित देश की पहली सुपरफास्ट पार्सल फ्रेट ईएमयू रेक के तकनीकी परीक्षणों के क्रम में खाली अवस्था में ऑसिलेशन ट्रायल सफलतापूर्वक पूरा किया गया। चौमहला-शामगढ़-गुड्ला खंड पर हुए इस परीक्षण में रेक को अधिकतम 145 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चलाया गया। इसी दौरान ऑसिलेशन परीक्षण के साथ आपातकालीन ब्रेकिंग दूरी का भी परीक्षण किया गया।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री सौरभ जैन ने बताया कि वंदे भारत प्लेटफॉर्म पर आधारित 20.32 टन एक्सल लोड वाली बोगियों से युक्त इस फ्रेट ईएमयू रेक का ऑसिलेशन ट्रायल पश्चिम मध्य रेलवे के नागदा-कोटा-सवाई माधोपुर खंड की अप एवं डाउन लाइन पर किया गया। ट्रायल का उद्देश्य विभिन्न गति पर रेक की स्थिरता, संचालन क्षमता एवं ऑसिलेशन व्यवहार का तकनीकी आकलन करना है।

परीक्षण के दौरान रेक को चौमहला से शामगढ़ के बीच पहले 120 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चलाया गया। इसके बाद इसी खंड पर गति बढ़ाकर 135 किलोमीटर प्रति घंटे की गई। परीक्षण के अंतिम चरण में चौमहला से गुड्ला के बीच रेक को अधिकतम परीक्षण गति पर सफलतापूर्वक चलाया गया। इस दौरान उच्च गति पर रेक की स्थिरता एवं ऑसिलेशन व्यवहार का परीक्षण निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुसार किया गया। इसी क्रम में खाली अवस्था में आपातकालीन ब्रेकिंग दूरी का परीक्षण भी किया गया।

रेक के विद्युत संबंधी परीक्षण भी खाली अवस्था में प्रक्रिया में हैं। इन्हें निर्धारित परीक्षण कार्यक्रम के अनुसार आगे किया जाएगा। इन परीक्षणों के माध्यम से रेक की विद्युत एवं प्रणोदन प्रणालियों के प्रदर्शन का तकनीकी आकलन किया जाएगा।

ट्रायल में कोटा मंडल की ओर से लोको पायलट श्री पंचम सिंह, मुख्य लोको निरीक्षक श्री जे.पी. सिंह तथा यातायात निरीक्षक श्री महेंद्र सिंह शामिल रहे। एकीकृत कोच फैक्ट्री (आईसीएफ), चेन्नई की ओर से श्री सुधांशु कुमार, सहायक मंडल विद्युत अभियंता (एडीईई), आईआरएसई तथा अनुसंधान अभिकल्प एवं मानक संगठन (आरडीएसओ) की ओर से श्री शशिकांत यादव, सहायक अनुसंधान अभियंता ट्रायल टीम के साथ मौजूद रहे। इसके अलावा नॉर-ब्रेम्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, एमआई टेक एवं मेधा की विशेषज्ञ टीमें भी परीक्षण में शामिल रहीं।

वंदे भारत प्लेटफॉर्म पर आधारित यह 16 कोच की फ्रेट ईएमयू तेज गति से पार्सल एवं लॉजिस्टिक्स परिवहन के लिए विकसित की गई है। रेक में आधुनिक प्रणोदन एवं ब्रेकिंग प्रणाली के साथ पार्सल लोडिंग को सुगम बनाने के लिए विशेष रोलर फ्लोर सिस्टम, स्वचालित चौड़े स्लाइडिंग दरवाजे, तापमान नियंत्रित रेफर सुविधा, सीसीटीवी निगरानी एवं अग्नि पहचान प्रणाली जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं।

कोटा मंडल में चल रही इस परीक्षण श्रृंखला के तहत रेक की विभिन्न गति एवं परिस्थितियों में तकनीकी क्षमता, स्थिरता, ब्रेकिंग तथा सुरक्षा मानकों का आकलन किया जा रहा है। परीक्षणों के परिणाम रेक की तकनीकी कार्यक्षमता एवं भविष्य में तेज, सुरक्षित और समयबद्ध पार्सल परिवहन के लिए इसकी उपयुक्तता के आकलन में महत्वपूर्ण होंगे।

Updated On
Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story