पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल ने यात्री सुविधाओं को अत्याधुनिक बनाने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया है। वडोदरा मंडल द्वारा २६ मई से किम रेलवे स्टेशन पर एकीकृत यात्री सूचना प्रणाली (Integrated Passenger Information System - IPIS) सफलतापूर्वक उपलब्ध करा दी गई है। यह आधुनिक सुविधा यात्रियों को बेहतर सूचना एवं अधिक सुविधा प्रदान करने की दिशा में एक अत्यंत महत्वपूर्ण कदम है, जिससे अब स्टेशन पर कदम रखते ही यात्रियों को सटीक जानकारियों का एक सुव्यवस्थित तंत्र मिलेगा।

पश्चिम रेलवे के जनसम्पर्क अधिकारी अनुभव सक्सेना के अनुसार, इस नई डिजिटल प्रणाली के अंतर्गत यात्रियों की सुविधा के लिए कई महत्वपूर्ण व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या १ एवं २ पर कोच गाइडेंस बोर्ड स्थापित किए गए हैं, जो यात्रियों को उनके निर्धारित कोच की सटीक स्थिति दर्शाएंगे। इसके साथ ही दोनों प्लेटफॉर्मों पर एक स्वचालित उद्घोषणा प्रणाली को भी सक्रिय किया गया है, जो यात्रियों को निरंतर लाउडस्पीकर के माध्यम से सचेत करती रहेगी। यात्रियों की सहूलियत को बढ़ाते हुए बुकिंग कार्यालय के निकट ट्रेन आगमन एवं प्रस्थान डिस्प्ले बोर्ड भी लगाया गया है, ताकि टिकट लेते ही यात्री ट्रेनों की स्थिति से अवगत हो सकें। इस पूरी प्रणाली को नेशनल ट्रेन इन्क्वायरी सिस्टम यानी NTES इंटीग्रेशन के माध्यम से जोड़ा गया है, जिससे अब ट्रेनों की वास्तविक समय (Real Time) की जानकारी सीधे डिस्प्ले बोर्ड और उद्घोषणा प्रणाली पर प्रदर्शित होगी।

यह नव-स्थापित एकीकृत प्रणाली यात्रियों को ट्रेनों के आगमन, प्रस्थान, प्लेटफॉर्म संख्या तथा कोच स्थिति संबंधी सटीक एवं त्वरित जानकारी उपलब्ध कराएगी, जिससे स्टेशन पर होने वाली किसी भी प्रकार की भ्रम की स्थिति पूरी तरह समाप्त हो जाएगी। विशेष रूप से लगाए गए कोच गाइडेंस बोर्ड यात्रियों को उनके निर्धारित कोच के बिल्कुल सामने पहुँचने में सहायता करेंगे, जिससे ट्रेन में चढ़ने की प्रक्रिया अधिक सुगम, सुरक्षित एवं सुविधाजनक हो जाएगी। NTES इंटीग्रेशन के माध्यम से अब किम स्टेशन पर यात्रियों को ट्रेनों की वास्तविक समय की जानकारी प्राप्त होगी, जो न केवल यात्रियों के समय की बचत करेगी बल्कि उनके संपूर्ण यात्रा अनुभव को और अधिक बेहतर, सुखद एवं आधुनिक बनाएगी। वडोदरा मंडल का यह प्रयास रेलवे के आधुनिकीकरण और उपभोक्ता संतुष्टि की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।

Naresh Ameta (Mumbai)

Naresh Ameta (Mumbai)

नरेश अमेटा (मुंबई), प्रात:काल समाचार वेबसाइट के अनुभवी संवाददाता हैं। मुंबई से कार्यरत नरेश जी समाचार की सटीकता और निष्पक्षता के लिए जाने जाते हैं। वे प्रमुख राष्ट्रीय और स्थानीय खबरों की रिपोर्टिंग करते हैं और अपने विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण से पाठकों को घटनाओं की गहरी समझ प्रदान करते हैं। नरेश जी की लेखनी में तथ्यपरक जानकारी के साथ-साथ घटनाओं की ताज़ा और भरोसेमंद प्रस्तुति देखने को मिलती है, जो प्रात:काल के पाठकों के लिए समाचार अनुभव को और समृद्ध बनाती है।

Next Story