खाटूश्याम जी मेले के लिए रेलवे की तैयारियां, महाप्रबंधक ने की समीक्षा बैठक
उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक अमिताभ ने रींगस स्टेशन पर सुरक्षा, स्वच्छता और श्रद्धालुओं के लिए स्पेशल ट्रेनों के संचालन हेतु अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक के दौरान महाप्रबंधक श्री अमिताभ और जयपुर मंडल के रेल प्रबंधक मेले की कार्ययोजना पर चर्चा करते हुए।
महाप्रबंधक श्री अमिताभ ने यात्री सुविधाओं, स्पेशल ट्रेनों सहित विभिन्न विषयों पर की चर्चा
मेला तैयारियों पर उच्च स्तरीय समीक्षा
रींगस के निकट खाटूश्याम जी में आयोजित होने वाले वार्षिक मेले के दौरान रेलवे द्वारा श्रद्धालुओं को सुविधाएं प्रदान करने तथा संरक्षित एवं सुव्यवस्थित रेल संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय पर महाप्रबंधक श्री अमिताभ की अध्यक्षता में आज दिनांक 16.02.26 को उच्च स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में मेले के दौरान संभावित यात्री भार, स्पेशल ट्रेनों का संचालन, यात्री सुविधाओं के विस्तार, सुरक्षा प्रबंध तथा स्वच्छता पर विस्तृत चर्चा की गई।
रींगस स्टेशन का महत्व और प्राथमिकताएं
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री अमित सुदर्शन के अनुसार बैठक में महाप्रबंधक श्री अमिताभ ने बताया कि रींगस उत्तर पश्चिम रेलवे का एक महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशन है तथा यह स्टेशन राजस्व में उत्तर पश्चिम रेलवे का चौथा स्थान है तथा जयपुर मण्डल में यह दूसरा स्थान रखता है।
खाटूश्याम जी मेला प्रदेश का एक प्रमुख धार्मिक आयोजन है, जिसमें देशभर से लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। श्री अमिताभ ने विभागाध्यक्षों और मण्डल रेल प्रबंधक-जयपुर को दिशानिर्देश प्रदान करते हुए कहा कि:
"मेले में श्रद्धालुओं को संरक्षित, सुगम और आरामदायक यात्रा अनुभव प्रदान करना रेलवे की सर्वाेच्च प्राथमिकता रहनी चाहिए।"
बैठक में मेले के दौरान सभी विभाग आपसी समन्वय कर समयबद्ध कार्ययोजना तैयार कर उसका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर व्यापक चर्चा की गई।
स्पेशल ट्रेनों का संचालन और भीड़ नियंत्रण
बैठक में मेले के दौरान अतिरिक्त यात्री भार को देखते हुए स्पेशल ट्रेनों के संचालन की रूपरेखा प्रस्तुत की गई।
- अतिरिक्त यात्री भार के आकलन के आधार पर प्रमुख स्थानों से रींगस की ओर स्पेशल रेलसेवाएं चलाने पर विचार किया गया।
- नियमित ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाने तथा अनारक्षित कोचों की संख्या बढ़ाने पर चर्चा हुई।
- ट्रेनों के समयबद्ध संचालन एवं भीड़ नियंत्रण की योजना बनाई गई।
यात्री सुविधाओं का विस्तार
श्री अमिताभ ने रींगस स्टेशन पर यात्रियों को आसानी से टिकट उपलब्धता के लिए निम्नलिखित निर्देश प्रदान किए:
- अतिरिक्त टिकट काउंटर और एटीवीएम मशीन लगाना।
- डिजिटल टिकट सुविधा को प्रोत्साहित करने के लिए जागरूकता अभियान संचालित करना।
- नियमित उद्घोषणा, पर्याप्त सुरक्षाकर्मी तथा हेल्पडेस्क बूथ की उपलब्धता सुनिश्चित करना।
सुरक्षा, स्वच्छता और पेयजल प्रबंधन
बैठक में रींगस स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था के अंतर्गत रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) एवं जीआरपी के साथ समन्वय बढ़ाने पर विशेष बल दिया गया। स्टेशन पर सीसीटीवी निगरानी को सुदृढ करने तथा भीड़ नियंत्रण के लिए होल्डिंग एरिया सहित बैरिकेडिंग की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।
रींगस स्टेशन पर स्वच्छता को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि:
- स्टेशन पर साफ-सफाई की विशेष व्यवस्था की जाए।
- पेयजल की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
नियमित मॉनिटरिंग और उपस्थिति
महाप्रबंधक ने सभी विभागाध्यक्षों से कहा कि मेले की अवधि के दौरान नियमित मॉनिटरिंग करें तथा श्रद्धालुओं को बेहतर यात्री सुविधाएं प्रदान करने के लिए निर्देशित किया।
इस विशेष बैठक में संबंधित विभागाध्यक्षों सहित जयपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक, श्री रवि जैन तथा विभिन्न शाखाओं के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
