पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल को बड़ी उपलब्धि मिली है। रेलवे संरक्षा आयुक्त (सीआरएस) वेस्टर्न सर्कल, श्री ई. श्रीनिवास ने कटोसण रोड–रणुज ब्रॉड गेज रेलखंड पर यात्री रेल सेवाओं के संचालन को संरक्षा स्वीकृति प्रदान कर दी है। इसके साथ ही लगभग 63 किलोमीटर लंबे इस नव परिवर्तित ब्रॉड गेज रेलखंड पर जल्द ही यात्री रेल सेवाएं शुरू होने का मार्ग प्रशस्त हो गया है।

कटोसण रोड–रणुज ब्रॉड गेज रेलखंड कटोसण रोड–रणुज गेज परिवर्तन परियोजना (मीटर गेज से ब्रॉड गेज) का हिस्सा है। परियोजना पूरी होने से क्षेत्र के लोगों को सुरक्षित, तेज और आधुनिक रेल संपर्क उपलब्ध होगा तथा उत्तर गुजरात की रेल कनेक्टिविटी को नया विस्तार मिलेगा।

इस अवसर पर अहमदाबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) श्री वेद प्रकाश ने कहा कि कटोसण रोड–रणुज ब्रॉड गेज रेलखंड को रेलवे संरक्षा आयुक्त से यात्री सेवाओं के संचालन की स्वीकृति मिलना अहमदाबाद मंडल के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के लाखों यात्रियों, विशेष रूप से बेचराजी, संखलपुर तथा आसपास के क्षेत्रों के लोगों के लिए सुरक्षित, तेज़ और सुविधाजनक रेल यात्रा का नया अध्याय प्रारंभ करेगी। उन्होंने कहा कि पश्चिम रेलवे सुरक्षित, विश्वसनीय और आधुनिक रेल सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। डीआरएम ने इस परियोजना से जुड़े सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं निर्माण एजेंसियों के सामूहिक प्रयासों की सराहना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि इस रेलखंड पर नियमित यात्री सेवाएं शीघ्र प्रारंभ होने से क्षेत्र की कनेक्टिविटी, पर्यटन, व्यापार तथा स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।

रेलवे संरक्षा आयुक्त ने 9, 10 एवं 11 जुलाई, 2026 को इस रेलखंड का विस्तृत संरक्षा निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान WAP-7 विद्युत रेल इंजन के साथ गति परीक्षण भी किया गया, जिसमें ट्रेन ने सफलतापूर्वक 120 किलोमीटर प्रति घंटा की अधिकतम गति प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान रेलवे प्रशासन द्वारा प्रस्तुत सभी संरक्षा प्रमाणपत्रों, तकनीकी दस्तावेजों तथा आवश्यक अभिलेखों का परीक्षण किया गया। सभी निर्धारित मानकों एवं वैधानिक आवश्यकताओं के अनुरूप पाए जाने के बाद रेलवे संरक्षा आयुक्त ने इस रेलखंड पर सार्वजनिक यात्री सेवाओं के संचालन की अनुमति प्रदान की। यह स्वीकृति रेलवे अधिनियम, 1989 के प्रावधानों के अनुरूप सभी आवश्यक संरक्षा औपचारिकताओं के संतोषजनक रूप से पूर्ण होने के बाद प्रदान की गई है।

स्वीकृति के अनुसार मुख्य रेललाइन पर ट्रेनों की अधिकतम सेक्शनल स्पीड 90 किलोमीटर प्रति घंटा निर्धारित की गई है। समपार फाटक संख्या 99A पर अस्थायी रूप से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तथा लूप लाइनों पर 15 किलोमीटर प्रति घंटा की गति सीमा लागू रहेगी। रेलवे संरक्षा आयुक्त ने यह स्वीकृति विभिन्न तकनीकी एवं परिचालन संबंधी शर्तों के अधीन प्रदान की है। इनमें नागरिक अभियांत्रिकी, सिग्नल एवं दूरसंचार, विद्युत तथा यात्री सुविधाओं से संबंधित निर्धारित कार्यों को समयबद्ध रूप से पूरा करना, पर्याप्त अनुरक्षण स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित करना तथा सभी निर्धारित संरक्षा उपायों का पूर्ण अनुपालन करना शामिल है।

इसके अतिरिक्त रेलवे संरक्षा आयुक्त ने यह भी अनुमति प्रदान की है कि भविष्य में निर्धारित सभी शर्तों के सफल अनुपालन, ट्रैक के संतोषजनक प्रदर्शन तथा प्रधान मुख्य इंजीनियर द्वारा आवश्यक प्रमाणन के उपरांत इस रेलखंड की सेक्शनल गति बढ़ाकर 110 किलोमीटर प्रति घंटा तक की जा सकेगी।

कटोसण रोड–रणुज ब्रॉड गेज रेलखंड का परिचालन पश्चिम रेलवे की आधारभूत संरचना के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। इस रेलखंड पर यात्री सेवाएं शुरू होने से उत्तर गुजरात क्षेत्र की रेल संपर्क व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी, यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित एवं तेज़ रेल सेवाएं उपलब्ध होंगी तथा क्षेत्र के सामाजिक, औद्योगिक, पर्यटन एवं आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story