पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) श्री वेद प्रकाश ने कटोसन रोड क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, व्यापारिक संगठनों और स्थानीय प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर क्षेत्र की रेल सुविधाओं से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों, मांगों और सुझावों पर विस्तृत चर्चा की। बैठक में यात्रियों की सुविधाओं के विस्तार तथा उत्तर गुजरात क्षेत्र में रेल सेवाओं को बेहतर बनाने से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषय प्रमुखता से उठाए गए।

बैठक के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने कटोसन रोड रेलवे स्टेशन एवं उत्तर गुजरात क्षेत्र के यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ट्रेन संख्या 19271/19272 भावनगर–हरिद्वार एक्सप्रेस का कटोसन रोड रेलवे स्टेशन पर दो मिनट का ठहराव देने की मांग रखी। इसके साथ ही साबरमती–रणुज मेमू सेवा को चांदखेड़ा, खोडियार, कलोल, कड़ी, कटोसन रोड और बहुचराजी होते हुए संचालित करने तथा इसे सुबह, दोपहर और शाम के समय चलाने का प्रस्ताव भी रखा गया, ताकि बहुचराजी आने वाले लाखों श्रद्धालुओं और स्थानीय यात्रियों को बेहतर सुविधा मिल सके।

प्रतिनिधिमंडल ने रणुज–बहुचराजी–कटोसन रोड–कड़ी–कलोल–साबरमती–सूरत–वापी के बीच नई यात्री ट्रेन शुरू करने का प्रस्ताव भी डीआरएम के समक्ष रखा। इसके अलावा मेहसाणा–कटोसन रोड–वीरमगाम ट्रेन को आगे ओखा तक विस्तारित करने का सुझाव दिया गया। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कटोसन रोड जंक्शन रेलवे स्टेशन पर आरक्षण कोटा (पीआरएस) उपलब्ध कराने की भी मांग की गई, ताकि यात्रियों को आरक्षण के लिए मेहसाणा अथवा कड़ी तक यात्रा नहीं करनी पड़े।

बैठक में कटोसन रोड के लेवल क्रॉसिंग संख्या 29 पर रोड ओवर ब्रिज (आरओबी) के निर्माण की आवश्यकता भी उठाई गई, जिससे यातायात जाम की समस्या का स्थायी समाधान हो सके। इसके साथ ही कटोसन रोड जंक्शन रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर यात्रियों के बैठने के लिए रेलिंग सहित अन्य आवश्यक यात्री सुविधाएं विकसित करने का आग्रह भी किया गया।

प्रतिनिधिमंडल ने डीआरएम को यह भी अवगत कराया कि मीटर गेज के समय कटोसन रोड जंक्शन से 22 से अधिक ट्रेनों का संचालन होता था, जबकि वर्तमान में केवल दो ट्रेनों का संचालन हो रहा है। उन्होंने स्टेशन की पूर्व महत्ता को ध्यान में रखते हुए यहां रेल सेवाओं का विस्तार करने का अनुरोध किया।

बैठक के दौरान डीआरएम श्री वेद प्रकाश ने प्रतिनिधिमंडल द्वारा प्रस्तुत सभी मांगों और सुझावों को गंभीरता से सुना तथा आश्वस्त किया कि जिन प्रस्तावों का संबंध मंडल स्तर से है, उनका नियमानुसार परीक्षण किया जाएगा। वहीं जिन मामलों में उच्च स्तर की स्वीकृति अपेक्षित है, उन्हें आवश्यक अनुशंसा के साथ रेलवे के सक्षम प्राधिकारी को भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि पश्चिम रेलवे यात्रियों की सुविधाओं के विस्तार तथा क्षेत्रीय आवश्यकताओं के अनुरूप रेल सेवाओं के विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है और प्राप्त सुझावों का व्यवहार्यता तथा रेलवे के प्रावधानों के अनुसार परीक्षण किया जाएगा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story