बेचराजी रेलखंड पर 120 किमी की गति से सफल ट्रायल, जल्द शुरू होगी यात्री रेल सेवा
कटोसण रोड-बेचराजी-रणुज रेलखंड पर 120 किमी/घंटा की गति से सफल स्पीड ट्रायल पूरा हुआ। रेल संरक्षा आयुक्त के निरीक्षण के बाद जल्द ही यात्री रेल सेवाओं के संचालन का रास्ता साफ हो गया है। जानिए क्या है इस बड़ी परियोजना की विशेषताएं और महत्व।

कटोसण रोड-बेचराजी-रणुज रेलखंड पर स्पीड ट्रायल के लिए तैयार खड़ा इंजन, जिस पर निरीक्षण संबंधित बैनर लगा है।
पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल के अंतर्गत कटोसण रोड–बेचराजी–रणुज 63 किलोमीटर लंबे ब्रॉडगेज रेलखंड पर यात्री रेल सेवाओं के शुभारंभ की दिशा में एक बड़ा और महत्वपूर्ण तकनीकी पड़ाव पार कर लिया गया है। इस रेलखंड का रेल संरक्षा आयुक्त (पश्चिम सर्कल) द्वारा 09 से 11 जुलाई, 2026 के बीच सफलतापूर्वक संरक्षा निरीक्षण संपन्न किया गया। निरीक्षण के अंतिम दिन 11 जुलाई, 2026 को इस रेलखंड पर 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से सफल स्पीड ट्रायल किया गया, जिसमें रेलखंड की सुरक्षित अधिकतम गति क्षमता की जांच की गई। तीन दिवसीय इस विस्तृत निरीक्षण के दौरान रेल संरक्षा आयुक्त ने मोटर ट्रॉली के माध्यम से पूरे ट्रैक का जायजा लिया। इस दौरान ट्रैक की गुणवत्ता, सिग्नल एवं दूरसंचार प्रणाली, पुलों, ओवरहेड विद्युत प्रणाली, इंटरलॉकिंग, ट्रैक फिटिंग, बैलास्ट और ओएचई की ऊंचाई सहित सभी सुरक्षा मानकों का बारीकी से परीक्षण किया गया। अब अंतिम संरक्षा स्वीकृति मिलने के उपरांत इस मार्ग पर यात्री ट्रेनों का परिचालन शुरू कर दिया जाएगा।
इस महत्वपूर्ण निरीक्षण के दौरान रेल संरक्षा आयुक्त (पश्चिम सर्कल) ई. श्रीनिवास, अहमदाबाद के मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) प्रदीप गुप्ता, गुजरात रेल अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड (जी-राइड) के डायरेक्टर राजकुमार, जी-राइड के जनरल मैनेजर (सिविल) शिवेन्द्र कुमार, मुख्य ट्रैक इंजीनियर और मुख्य परिचालन प्रबंधक सहित निर्माण एवं ओपन लाइन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। वर्ष 2017 में स्वीकृत लगभग 1000 करोड़ रुपये की लागत वाली इस गेज परिवर्तन परियोजना को भारतीय रेल और गुजरात रेल अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड के संयुक्त उपक्रम में पूरा किया गया है। इस रेलखंड पर 14 रेलवे स्टेशन, 9 बड़े पुल, 100 छोटे पुल, 47 रोड अंडर ब्रिज तथा 16 कर्व का निर्माण किया गया है।
गुजरात के महेसाणा जिले में स्थित बेचराजी स्टेशन इस रेलखंड का प्रमुख केंद्र है, जिसे विश्वविख्यात श्री बहुचर माता मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार के रूप में विकसित किया गया है। यह मंदिर गुजरात के प्रमुख शक्तिपीठों में शुमार है, जहां हर साल लाखों श्रद्धालु दर्शन करने आते हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए महाराजा सयाजीराव गायकवाड़ ने गायकवाड़ बड़ौदा रेलवे का विस्तार बेचराजी तक कराया था। रेल सुविधा के अभाव में स्थानीय लोगों, व्यापारियों, औद्योगिक इकाइयों और तीर्थयात्रियों को लंबे समय से सड़क मार्ग पर निर्भर रहना पड़ता था। अब इस आधुनिक रेल संपर्क के जुड़ने से धार्मिक पर्यटन के साथ-साथ क्षेत्र के औद्योगिक और आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी। तीन दिवसीय निरीक्षण के पहले दिन कटोसण रोड से बेचराजी, दूसरे दिन बेचराजी से चाणसमा और तीसरे दिन चाणसमा से रणुज तक जांच पूरी की गई। इस रेलखंड के चालू होने से महेसाणा और पाटण जिले के प्रमुख केंद्र बेहतर तरीके से जुड़ जाएंगे, जिससे स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों को सुरक्षित व किफायती परिवहन सुविधा सुलभ होगी।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
