जम्मू श्रीनगर वंदे भारत एक्सप्रेस सेवा का भव्य शुभारंभ
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने जम्मू से श्रीनगर के बीच सीधी वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रेल कनेक्टिविटी के नए युग की शुरुआत की।

जम्मू तवी रेलवे स्टेशन पर आयोजित समारोह में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और डॉ. जितेंद्र सिंह श्रीनगर के लिए नई वंदे भारत सेवा का उद्घाटन करते हुए।
जम्मू-कश्मीर में रेल कनेक्टिविटी के इतिहास में आज एक नया स्वर्णिम अध्याय जुड़ गया, जब केंद्र सरकार की “कनेक्टिविटी के माध्यम से विकास” नीति को साकार करते हुए जम्मू तवी रेलवे स्टेशन से श्रीनगर के लिए सीधी वंदे भारत एक्सप्रेस सेवा का भव्य शुभारंभ किया गया। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह और जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने संयुक्त रूप से इस सेवा को हरी झंडी दिखाई।
इस ऐतिहासिक अवसर पर राज्यसभा सांसद गुलाम अली खटाना, सतपाल शर्मा, विधायक डॉ. नरेंद्र सिंह, विक्रम रंधावा और युधवीर सेठी उपस्थित रहे। उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक राजेश कुमार पांडेय और मंडल रेल प्रबंधक विवेक कुमार सहित वरिष्ठ रेलवे अधिकारियों ने अतिथियों का स्वागत किया। समारोह में स्कूली छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने आयोजन को उत्सवमय बना दिया।
अपने संबोधन में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस पहल को “नया इतिहास” बताते हुए कहा कि यह रेल लिंक जम्मू और कश्मीर घाटी के बीच अटूट और सीधा संबंध स्थापित करता है। उन्होंने बताया कि इस मार्ग पर यात्रियों की अधिक मांग को देखते हुए मानक 8 कोच के स्थान पर आधुनिक 20 कोच वाली वंदे भारत ट्रेन चलाई जा रही है।
रेल मंत्री ने जानकारी दी कि जून 2025 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा उधमपुर-श्रीनगर-बारामूला रेल लिंक (USBRL) के लोकार्पण के बाद से अब तक लगभग 2.28 लाख टन माल, जिसमें सीमेंट, उर्वरक, गेहूं और स्टील शामिल हैं, का परिवहन किया जा चुका है। इसके अतिरिक्त कश्मीर घाटी से देश के अन्य हिस्सों तक 2 करोड़ किलोग्राम सेब रेल के माध्यम से भेजे गए हैं। रेल से सीमेंट की आपूर्ति बढ़ने के कारण घाटी में इसकी कीमतों में प्रति बैग 50 रुपये की कमी दर्ज की गई है। उन्होंने यह भी बताया कि अंबाला-जम्मू मल्टी-ट्रैकिंग और पुंछ-राजौरी नई रेल लाइन परियोजना निर्माण चरण में हैं।
इस सेवा की एक प्रमुख विशेषता ‘विंटराइजेशन’ तकनीक है, जिसमें हीटेड विंडशील्ड और विशेष हीटिंग सिस्टम शामिल हैं, जिससे भारी बर्फबारी और शून्य से नीचे तापमान में भी ट्रेन की गति और संचालन प्रभावित नहीं होगा। 267 किलोमीटर की दूरी अब मात्र 4 से 5 घंटे में पूरी की जा सकेगी, जिससे क्षेत्रीय व्यापार, पर्यटन और अर्थव्यवस्था को बड़ा प्रोत्साहन मिलेगा।
इससे पहले श्रीनगर-श्री माता वैष्णो देवी कटरा वंदे भारत सेवा के तहत अब तक 1,022 यात्राओं में लगभग 5.5 लाख यात्री सफर कर चुके हैं। उद्घाटन के बाद रेल मंत्री ने विश्व के सबसे ऊंचे चिनाब ब्रिज, अंजी ब्रिज और श्री माता वैष्णो देवी कटरा स्टेशन का निरीक्षण कर चल रही परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।
नई सेवा का नियमित संचालन 2 मई 2026 से शुरू होगा। ट्रेन संख्या 26401/26402 सप्ताह में छह दिन (मंगलवार को छोड़कर) जम्मू से सुबह 6:20 बजे प्रस्थान कर श्रीनगर 11:10 बजे पहुंचेगी, जबकि श्रीनगर से दोपहर 2:00 बजे चलकर शाम 6:50 बजे जम्मू पहुंचेगी। ट्रेन संख्या 26403/26404 सप्ताह में छह दिन (बुधवार को छोड़कर) श्रीनगर से सुबह 8:00 बजे चलकर दोपहर 12:40 बजे जम्मू पहुंचेगी और जम्मू से दोपहर 1:20 बजे प्रस्थान करेगी।
जम्मू से श्रीनगर के बीच यह सीधी वंदे भारत सेवा पर्यटन के लिए आकर्षण का केंद्र बनने के साथ-साथ व्यापारियों, छात्रों और मरीजों के लिए तेज और किफायती जीवनरेखा साबित होगी।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
