भारतीय रेल सिविल इंजीनियरिंग संस्थान (IRICEN) में 19 और 20 नवंबर 2026 को 69वां स्थापना दिवस ‘IRICEN दिवस’ के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर रेलवे के 2000 बैच के भारतीय रेल इंजीनियरिंग सेवा (IRSE) अधिकारियों को सेवा के 25 वर्ष पूरे करने पर सम्मानित किया गया। समारोह की अध्यक्षता रेलवे बोर्ड के सदस्य (इन्फ्रास्ट्रक्चर) एवं भारत सरकार के पदेन सचिव श्री विवेक कुमार गुप्ता ने की।

कार्यक्रम में IRICEN के महानिदेशक श्री विनीत गुप्ता, मध्य रेलवे के प्रधान मुख्य इंजीनियर, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण), मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (RSP) और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। श्री विवेक कुमार गुप्ता ने 2000 बैच के IRSE अधिकारियों को सेवा के सफलतापूर्वक 25 वर्ष पूरे करने पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अधिकारियों से अपने कौशल को लगातार निखारने, अपने-अपने कार्यक्षेत्र में विशेषज्ञता हासिल करने और आधुनिक तकनीक के साथ कदमताल बनाए रखने का आह्वान किया।

उन्होंने अधिकारियों को उत्कृष्टता, नवाचार, पारदर्शिता, समयबद्धता, विश्वसनीयता और नागरिक-केंद्रित सुशासन के माध्यम से संगठन और राष्ट्र की सेवा करने के लिए प्रेरित किया।

IRICEN के महानिदेशक श्री विनीत गुप्ता ने 2000 बैच के अधिकारियों और उनके परिवार के सदस्यों का स्वागत किया तथा उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि IRICEN केवल एक प्रशिक्षण संस्थान नहीं, बल्कि तकनीकी उत्कृष्टता, निरंतर सीखने और राष्ट्रसेवा की जीवंत विरासत है। उन्होंने बताया कि इस संस्थान के माध्यम से अधिकारियों को भारतीय रेलवे के विकास और ‘विकसित भारत’ के निर्माण में सार्थक योगदान देने के लिए सशक्त बनाने के प्रयास नई ऊर्जा के साथ जारी हैं।

IRICEN भारतीय रेलवे के केंद्रीयकृत प्रशिक्षण संस्थानों में से एक है। यहां संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) के माध्यम से भर्ती किए गए IRSE अधिकारियों को रेलवे सेवा इंजीनियर के रूप में शामिल किए जाने से पहले प्रशिक्षण दिया जाता है। इसके अलावा कार्यरत रेलवे इंजीनियरों और रेलवे सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (PSUs) के इंजीनियरों को रेलवे इंजीनियरिंग के उभरते क्षेत्रों में उनके ज्ञान और कौशल को उन्नत करने के लिए प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है।

स्थापना दिवस समारोह के तहत 19 नवंबर 2026 को ‘इन्फ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं का प्रशासन एवं प्रबंधन’ विषय पर एक संगोष्ठी आयोजित की गई। इसमें भारतीय रेलवे के विशाल रेल नेटवर्क के आधुनिकीकरण, सुरक्षा और वित्तीय नियंत्रण से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। संगोष्ठी के दौरान विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श के बाद महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए गए।

समारोह के दौरान 2000 बैच के उन IRSE अधिकारियों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने सेवा के 25 वर्ष पूरे किए हैं। इस आयोजन के माध्यम से रेलवे इंजीनियरिंग में तकनीकी दक्षता, निरंतर प्रशिक्षण और बुनियादी ढांचे के विकास में अधिकारियों की भूमिका को रेखांकित किया गया।

Next Story