अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 पर पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल ने अनूठी पहल करते हुए रेलवे परिसरों के साथ चार वंदे भारत ट्रेनों में भी योग सत्र आयोजित करने का निर्णय लिया है। जानिए यात्रियों के लिए क्या है खास।

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के अवसर पर पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल ने स्वास्थ्य और समग्र कल्याण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए एक अभिनव पहल की है। इस बार योग दिवस केवल रेलवे परिसरों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि चार प्रतिष्ठित वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों में भी विशेष योग सत्र आयोजित किए जाएंगे। इस पहल का उद्देश्य यात्रियों और रेल कर्मचारियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना तथा योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

मंडल रेल प्रबंधक श्री वेद प्रकाश के मार्गदर्शन में 21 जून 2026 को अहमदाबाद मंडल के विभिन्न प्रमुख स्थलों पर व्यापक स्तर पर योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके तहत साबरमती स्थित सामुदायिक भवन और ओल्ड रेलवे इंस्टीट्यूट, कांकरिया रेलवे इंस्टीट्यूट, गांधीधाम सामुदायिक भवन तथा वीरमगाम सामुदायिक भवन में योग सत्रों का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों में रेल कर्मचारियों और अन्य प्रतिभागियों को योग के विभिन्न आसनों एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया जाएगा।

इस वर्ष की सबसे विशेष पहल चलती वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों में आयोजित होने वाले योग सत्र हैं। अहमदाबाद मंडल द्वारा गाड़ी संख्या 20902 गांधीनगर कैपिटल–मुंबई सेंट्रल वंदे भारत एक्सप्रेस, 12462 साबरमती–जोधपुर वंदे भारत एक्सप्रेस, 26964 असारवा–उदयपुर वंदे भारत एक्सप्रेस तथा 22925 अहमदाबाद–ओखा वंदे भारत एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे यात्रियों के लिए विशेष योग गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इन सत्रों के दौरान प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में यात्री अपनी सीट पर बैठकर किए जाने वाले सरल योगाभ्यास और प्राणायाम का अभ्यास कर सकेंगे।

अहमदाबाद मंडल पूर्व में भी अहमदाबाद, महेसाणा, पालनपुर और गांधीधाम सहित विभिन्न प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर योग शिविरों का सफल आयोजन कर चुका है। इन आयोजनों में रेल कर्मचारियों और यात्रियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई थी, जिससे योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने के प्रयासों को व्यापक समर्थन मिला।

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 की थीम "Yoga for Healthy Ageing" के अनुरूप पश्चिम रेलवे का अहमदाबाद मंडल स्वस्थ जीवनशैली, मानसिक संतुलन और सामूहिक कल्याण के संदेश को व्यापक स्तर पर प्रसारित करने के लिए प्रतिबद्ध है। रेलवे प्रशासन ने सभी रेल यात्रियों और रेल कर्मियों से इन योग सत्रों में सक्रिय सहभागिता कर स्वस्थ जीवन की दिशा में कदम बढ़ाने तथा इस वैश्विक अभियान का हिस्सा बनने की अपील की है। यह पहल न केवल योग को जनसामान्य तक पहुंचाने का प्रयास है, बल्कि यात्रा के दौरान भी स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story