अतिरिक्त यात्री यातायात को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए तीन जोड़ी स्पेशल रेलसेवाओं की संचालन अवधि बढ़ाने का निर्णय लिया है। इस फैसले से मुंबई, भिवानी, जयपुर, यशवंतपुर और खातीपुरा के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को दिसंबर 2026 और जनवरी 2027 तक इन स्पेशल ट्रेनों की सुविधा मिलती रहेगी।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री अमित सुदर्शन के अनुसार, गाड़ी संख्या 09001/09002 मुंबई सेंट्रल-भिवानी-मुंबई सेंट्रल द्वि-साप्ताहिक स्पेशल रेलसेवा की संचालन अवधि बढ़ाई गई है। इसके तहत मुंबई सेंट्रल से यह ट्रेन 01 दिसंबर 2026 से 29 दिसंबर 2026 तक कुल 09 ट्रिप संचालित होगी। वहीं, भिवानी से इस रेलसेवा का संचालन 02 दिसंबर 2026 से 30 दिसंबर 2026 तक कुल 09 ट्रिप के लिए बढ़ाया गया है।

इसी तरह, गाड़ी संख्या 06543/06544 यशवंतपुर-जयपुर-यशवंतपुर साप्ताहिक स्पेशल रेलसेवा की अवधि में भी विस्तार किया गया है। अब यशवंतपुर से यह ट्रेन 02 दिसंबर 2026 से 30 दिसंबर 2026 तक कुल 05 ट्रिप संचालित होगी। जबकि जयपुर से इसका संचालन 05 दिसंबर 2026 से 02 जनवरी 2027 तक कुल 05 ट्रिप के लिए जारी रहेगा।

इसके अलावा, गाड़ी संख्या 07371/07372 हुब्बल्लि-खातीपुरा-हुब्बल्लि साप्ताहिक स्पेशल रेलसेवा की संचालन अवधि भी बढ़ाई गई है। हुब्बल्लि से यह ट्रेन 12 दिसंबर 2026 से 26 दिसंबर 2026 तक कुल 03 ट्रिप संचालित होगी। वहीं, खातीपुरा से इस रेलसेवा का संचालन 14 दिसंबर 2026 से 28 दिसंबर 2026 तक कुल 03 ट्रिप के लिए किया जाएगा।

रेलवे के अनुसार, अवधि विस्तार के बाद भी इन तीनों जोड़ी स्पेशल रेलसेवाओं का संचालन समय और ठहराव यथावत रहेंगे। अतिरिक्त यात्री यातायात को देखते हुए किए गए इस विस्तार से यात्रियों को निर्धारित अवधि तक इन रेलसेवाओं का लाभ मिलता रहेगा।

Next Story