इगतपुरी गुड्स शेड से ऑटोमोबाइल लोडिंग शुरू, मध्य रेल को मिलेगा बड़ा राजस्व
नासिक के महिंद्रा प्लांट से 100 कारों की पहली खेप उत्तर पूर्व रेलवे के लिए रवाना की गई, जिससे लॉजिस्टिक लागत में कमी आएगी।

मध्य रेल के इगतपुरी गुड्स शेड में एनएमजी वैगनों के भीतर महिंद्रा की कारों को लोड करते कर्मचारी, जो नौतनवा टर्मिनल के लिए भेजी जा रही हैं।
मध्य रेल ने माल ढुलाई परिचालन को सुदृढ़ करते हुए 02.05.2026 को नव अधिसूचित इगतपुरी गुड्स शेड से पहली बार ऑटोमोबाइल लोडिंग की सफल शुरुआत कर दी, जिससे क्षेत्रीय लॉजिस्टिक दक्षता को नई दिशा मिली है। इस सेवा के लिए प्रथम इंडेंट M/s ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (TCOI) द्वारा दिया गया, जिसने इस पहल को औपचारिक रूप से गति प्रदान की।
इस अवसर पर कुल 100 कारों को 25 एनएमजी (न्यू मॉडिफाइड गुड्स) वैगनों में लोड किया गया, जिन्हें वाहनों के सुरक्षित एवं कुशल परिवहन के लिए विशेष रूप से डिज़ाइन किया गया है। यह रेक उत्तर पूर्व रेलवे के नौतनवा गुड्स टर्मिनल के लिए प्रेषित की गई है, जिससे प्रति रेक लगभग ₹17,16,750/- का राजस्व प्राप्त होने की अपेक्षा है।
लोड किए गए वाहन नासिक स्थित महिंद्रा एंड महिंद्रा संयंत्र से प्राप्त विभिन्न मॉडलों का मिश्रित समूह हैं। इगतपुरी गुड्स शेड के उपयोग से नासिक औद्योगिक क्षेत्र के निर्माताओं को एक सुलभ एवं सुव्यवस्थित लोडिंग प्वाइंट उपलब्ध हुआ है, जिससे परिवहन समय और लॉजिस्टिक लागत में कमी आएगी।
इगतपुरी गुड्स शेड को ऑटोमोबाइल लोडिंग हेतु अधिसूचित करना मध्य रेल के माल ढुलाई विविधीकरण के प्रयासों का हिस्सा है, जिसके अंतर्गत ऑटोमोबाइल उद्योग को एंड-टू-एंड समाधान प्रदान किया जा रहा है। सड़क परिवहन की तुलना में रेल परिवहन कार्बन उत्सर्जन और राजमार्ग भीड़ को कम करने में सहायक है, जिससे ऑटोमोबाइल परिवहन में सड़क से रेल की ओर स्थानांतरण एक टिकाऊ, तेज और किफायती विकल्प बनकर उभर रहा है।
मध्य रेल का मुंबई मंडल “गति शक्ति” दृष्टिकोण के अंतर्गत अपने माल ढुलाई हिस्सेदारी को बढ़ाने के लिए नए कमोडिटी और बाजारों की निरंतर पहचान कर रहा है, जो भविष्य में औद्योगिक परिवहन ढांचे को और मजबूत करेगा।
दिनांक: 03 मई, 2026
पीआर संख्या: 2026/05/03
यह प्रेस विज्ञप्ति डॉ. स्वप्निल निला, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, मध्य रेल, छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस, मुंबई द्वारा जारी की गई है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
