मालीगांव। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे ने गुवाहाटी रेलवे स्टेशन पर डिजिटल यात्रा सहायता कियोस्क नेटवर्क का उद्घाटन कर यात्रियों के लिए आधुनिक डिजिटल सेवाओं की दिशा में नई पहल की है। GoLukBuk के रूप में ब्रांडेड यह पहल एनएफआर में अपनी तरह की पहली परियोजना है, जिसे न्यू इनोवेटिव नॉन-फेयर रेवेन्यू आइडियाज़ स्कीम (एनआईएनएफआरआईएस) के तहत शुरू किया गया है।

डिजिटल यात्रा सहायता कियोस्क नेटवर्क का उद्घाटन 3 अगस्त को पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के महाप्रबंधक चेतन कुमार श्रीवास्तव ने प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक नीरज सहाय तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में किया।

इस पहल के तहत यात्रा सहायता एवं डिजिटल बुकिंग सेवाओं की तलाश कर रहे यात्रियों को आसान सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गुवाहाटी रेलवे स्टेशन पर रणनीतिक रूप से डिजिटल कियोस्क स्थापित किए गए हैं। इसके साथ ही कामाख्या रेलवे स्टेशन पर भी अतिरिक्त कियोस्क लगाए जाने की योजना बनाई गई है।

इन डिजिटल कियोस्क में हाई-रिजॉल्यूशन डिजिटल डिस्प्ले स्क्रीन और एलईडी होलोग्राम फैन टेक्नोलॉजी की सुविधा दी गई है, जिससे एक आधुनिक डिजिटल आउट-ऑफ-होम (डीओओएच) एडवरटाइज़िंग प्लेटफॉर्म भी विकसित हुआ है। यह प्लेटफॉर्म व्यवसायों को प्रतिदिन हजारों रेल यात्रियों तक अपनी पहुंच बनाने और उनसे जुड़ने का अवसर प्रदान करेगा। इस पहल के माध्यम से यात्रियों को डिजिटल यात्रा सहायता एवं बुकिंग सेवाओं तक सरल पहुंच उपलब्ध कराने के साथ-साथ आधुनिक विज्ञापन माध्यम का भी लाभ मिलेगा।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story