भारतीय रेलवे की प्रीमियम सेमी-हाईस्पीड सेवा वंदे भारत एक्सप्रेस ने देश में आधुनिक रेल यात्रा की नई पहचान स्थापित करते हुए यात्रियों के बीच अभूतपूर्व लोकप्रियता हासिल की है। फरवरी 2019 में एक सेवा से शुरू हुआ यह नेटवर्क आज देशभर में 162 से अधिक ट्रेनों तक विस्तारित हो चुका है, जो प्रमुख शहरों को तेज, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा से जोड़ रहा है।

गुजरात से संचालित वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों ने इस सफलता को नई ऊंचाई दी है। 1 अक्टूबर 2022 से 31 मार्च 2026 तक की अवधि में राज्य से संचालित 6 जोड़ी वंदे भारत ट्रेनों में लगभग 73 लाख यात्रियों ने यात्रा की, जबकि इनसे कुल ₹722 करोड़ का राजस्व प्राप्त हुआ है।

राज्य में संचालित इन ट्रेनों में मुंबई सेंट्रल–गांधीनगर वंदे भारत एक्सप्रेस ने 01 अक्टूबर 2022 को सेवा प्रारंभ की। इसके बाद साबरमती–जोधपुर वंदे भारत एक्सप्रेस 09 जुलाई 2023, अहमदाबाद–ओखा वंदे भारत एक्सप्रेस 25 सितंबर 2023, मुंबई सेंट्रल–अहमदाबाद वंदे भारत एक्सप्रेस 13 मार्च 2024, साबरमती–वेरावल वंदे भारत एक्सप्रेस 27 मई 2025 तथा असारवा–उदयपुर वंदे भारत एक्सप्रेस 18 फरवरी 2026 को शुरू की गईं।

अहमदाबाद–मुंबई मार्ग पर दोनों वंदे भारत सेवाएं यात्रियों की पहली पसंद बन चुकी हैं। पेशेवर, व्यवसायिक तथा नियमित यात्री इन ट्रेनों का व्यापक रूप से उपयोग कर रहे हैं। कई मार्गों पर मांग क्षमता से कहीं अधिक, 140 प्रतिशत तक ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई है, जो इसकी लोकप्रियता को दर्शाती है। कुछ मार्गों पर ऑक्यूपेंसी 100 प्रतिशत से अधिक रही है, जबकि कई ट्रेनों में यह 90 प्रतिशत से ऊपर बनी रही।

‘मेक इन इंडिया’ पहल के अंतर्गत निर्मित वंदे भारत ट्रेनें अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित हैं। इनमें स्वचालित दरवाजे, जीपीएस आधारित यात्री सूचना प्रणाली, आरामदायक रीक्लाइनिंग सीटें, पर्याप्त लेगरूम, मोबाइल चार्जिंग पॉइंट, ऑनबोर्ड इन्फोटेनमेंट, पूर्ण सीसीटीवी कवरेज, बायो-वैक्यूम शौचालय, दिव्यांगों के लिए अलग शौचालय, अग्निशामक यंत्र और फायर अलार्म जैसी व्यवस्थाएं शामिल हैं।

यात्रियों को उत्कृष्ट खान-पान और सेवाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिनमें स्वच्छ और ताजा भोजन, क्षेत्रीय स्वाद पर आधारित विविध मेन्यू, प्री-पैक्ड हाइजीनिक सेवा और प्रशिक्षित स्टाफ द्वारा समयबद्ध सेवा शामिल है। उच्च समयपालन, बेहतर सुरक्षा मानक और उत्कृष्ट स्वच्छता के कारण यात्रियों का विश्वास लगातार मजबूत हुआ है। तेज गति और कम यात्रा समय के कारण ये ट्रेनें व्यवसायिक और अवकाश यात्रियों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध हो रही हैं।

गुजरात में वंदे भारत एक्सप्रेस की यह उल्लेखनीय सफलता भारतीय रेल के यात्री-केंद्रित दृष्टिकोण का सशक्त प्रमाण है, जो भविष्य में भी सुरक्षित, आरामदायक और विश्वस्तरीय यात्रा अनुभव प्रदान करने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

Updated On
Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story