रेलवे अधोसंरचना को अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से वडोदरा मंडल के इंजीनियरिंग विभाग द्वारा गोधरा यार्ड में 25 मई 2026 को व्यापक यार्ड इम्प्रूवमेंट एवं ड्रेनेज सुधार कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण किए गए। इन कार्यों से परिचालन में संरक्षा, ट्रैक स्थिरता तथा रेल परिचालन की समग्र विश्वसनीयता में वृद्धि होने के साथ-साथ गोधरा यार्ड की जल निकासी व्यवस्था में भी उल्लेखनीय सुधार सुनिश्चित होगा।

पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल के जनसम्पर्क अधिकारी श्री अनुभव सक्सेना द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, गोधरा यार्ड में डाउन मेन लाइन पर ब्लॉक लेकर यह कार्य संपन्न किया गया। इस दौरान पॉइंट संख्या 121, 115, 109 एवं 106 पर व्यापक अनुरक्षण एवं नवीनीकरण कार्य किए गए। कार्य के अंतर्गत कुल 350 पी एंड सी स्लीपरों का नवीनीकरण किया गया तथा एमके-V ERC, लाइनर एवं रबर पैड सहित सम्पूर्ण फिटिंग नवीनीकरण कार्य भी पूरा किया गया। साथ ही सभी पॉइंट्स पर स्लीपर स्पेसिंग एवं स्लीपर स्क्वेरिंग कार्य भी सफलतापूर्वक संपन्न किए गए।

इंफ्रा सुधार कार्य के तहत पुराने साधारण स्लीपरों के स्थान पर 391 वाइड बेस स्लीपरों से नवीनीकरण किया गया। इसके अतिरिक्त 78 स्लीपरों का डीप स्क्रीनिंग कार्य करते हुए नवीनीकरण किया गया, जिसमें 350 मिमी बैलास्ट कुशन सुनिश्चित किया गया। वाइड बेस स्लीपर सेक्शन में टीएसआर कार्य के साथ सम्पूर्ण फिटिंग नवीनीकरण भी पूर्ण किया गया।

इन व्यापक सुधार कार्यों के परिणामस्वरूप गोधरा यार्ड क्षेत्र में ट्रैक संरक्षा, रेल परिचालन की विश्वसनीयता, राइडिंग गुणवत्ता तथा जल निकासी व्यवस्था में महत्वपूर्ण और दीर्घकालिक सुधार होने की उम्मीद जताई गई है, जिससे समग्र रेल संचालन अधिक सुरक्षित और सुगम बनेगा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story