अमृत भारत स्टेशन योजना: गोधरा स्टेशन उद्घाटन से पहले 1,402 विद्यार्थियों ने रचनात्मक प्रतियोगिताओं में दिखाया उत्साह
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित गोधरा स्टेशन के उद्घाटन से पहले आयोजित प्रतियोगिताओं में 1,402 विद्यार्थियों ने भाग लिया। विजेताओं का सम्मान 17 जुलाई को होगा।

तस्वीर में गोधरा के स्कूल के विद्यार्थी चित्रकला प्रतियोगिता के दौरान अपने द्वारा बनाए गए विकसित भारत और रेलवे से जुड़े चित्रों तथा पोस्टरों को हाथ में लेकर प्रदर्शित करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
अमृत भारत स्टेशन योजना (ABSS) के अंतर्गत पुनर्विकसित गोधरा रेलवे स्टेशन के 17 जुलाई, 2026 को माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से होने वाले उद्घाटन समारोह से पहले विद्यार्थियों में रचनात्मकता, जन-जागरूकता और राष्ट्र निर्माण के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने के उद्देश्य से आयोजित प्रतियोगिताओं में 1,402 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। 14 जुलाई, 2026 को चित्रकला एवं निबंध लेखन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जबकि 15 एवं 16 जुलाई, 2026 को ‘सेल्फी विद स्टेशन’ प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है।
निबंध लेखन प्रतियोगिता का विषय “मेरे शहर का विकसित स्टेशन कैसा होगा?” रखा गया, जबकि चित्रकला प्रतियोगिता का विषय “विकसित भारत के निर्माण में मैं क्या योगदान दूँगा/दूँगी?” निर्धारित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन मंडल रेल प्रबंधक श्री राजू भडके के मार्गदर्शन तथा वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्री अविनाश कुमार के नेतृत्व एवं पर्यवेक्षण में कल्याण निरीक्षकों की टीम द्वारा किया गया।
पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल के जनसंपर्क अधिकारी श्री अनुभव सक्सेना द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार गोधरा क्षेत्र के दो विद्यालयों—नालंदा स्कूल (गुजराती माध्यम एवं अंग्रेजी माध्यम) तथा एसएसजी इंटरनेशनल टेक्नो स्कूल, गोधरा—के कुल 1,402 छात्र-छात्राओं ने चित्रकला एवं निबंध लेखन प्रतियोगिताओं में सहभागिता की। प्रतियोगिता का आयोजन दो वर्गों, कक्षा 6वीं से 8वीं तथा कक्षा 9वीं से 12वीं, के लिए किया गया। विद्यार्थियों ने चित्रों, पोस्टरों और निबंधों के माध्यम से विकसित भारत की परिकल्पना, सामाजिक सरोकारों तथा भारतीय रेल के विकास एवं आधुनिकीकरण के प्रति अपनी सकारात्मक सोच को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करते हुए अपनी रचनात्मक प्रतिभा, कल्पनाशीलता और अभिव्यक्ति कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
इसी क्रम में “गोधरा जंक्शन – सेल्फी का टशन” प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता के माध्यम से नागरिकों को गोधरा जंक्शन के आधुनिक स्वरूप और नई पहचान से जुड़ने का अवसर मिला। प्रतिभागियों ने स्टेशन के साथ आकर्षक सेल्फी लेकर उसे निर्धारित हैशटैग के साथ सोशल मीडिया पर साझा किया। चयनित प्रतिभागियों की तस्वीरें डीआरएम वडोदरा के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रदर्शित की जाएंगी।
प्रतियोगिता के श्रेष्ठ तीन विजेताओं तथा चयनित प्रतिभागियों को 17 जुलाई, 2026 को गोधरा जंक्शन के उद्घाटन समारोह के अवसर पर मंच से प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। सभी प्रतिभागियों से रेलवे सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित स्थानों से ही सेल्फी लेने का अनुरोध किया गया है।
इन प्रतियोगिताओं का उद्देश्य विद्यार्थियों में अमृत भारत स्टेशन योजना, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा भारतीय रेल के विकास एवं आधुनिकीकरण के प्रति जागरूकता विकसित करना रहा। पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल ने कार्यक्रम की सफलता में सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों के योगदान की सराहना करते हुए सभी प्रतिभागियों को उत्कृष्ट सहभागिता के लिए बधाई दी तथा भविष्य में भी ऐसे रचनात्मक, शैक्षणिक और जन-जागरूकता कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
