अहमदाबाद, 10 जून 2026। कार्यस्थल पर मानसिक संतुलन, सकारात्मक सोच और बेहतर उत्पादकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल अंतर्गत लोकोमोटिव शेड साबरमती में “भगवद गीता के जीवन सूत्र : तनावमुक्त जीवन, स्वस्थ मन और उत्पादक कार्यस्थल की ओर एक प्रेरणादायी यात्रा” विषय पर एक विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम ने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को जीवन प्रबंधन तथा मानसिक स्वास्थ्य के प्रति नई दृष्टि प्रदान की।

इस अवसर पर साबरमती रेलवे अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोजकुमार देव मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में वरिष्ठ मंडल मैकेनिकल इंजीनियर श्री सुमंत प्रसाद गुप्ता, सहायक मंडल मैकेनिकल इंजीनियर तथा अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक सहित लोकोमोटिव शेड के सुपरवाइजरों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

अपने व्याख्यान में डॉ. मनोजकुमार देव ने भगवद गीता के शाश्वत सिद्धांतों और जीवन मूल्यों को आधुनिक जीवन तथा कार्यस्थल की चुनौतियों से जोड़ते हुए विस्तार से विचार प्रस्तुत किए। उन्होंने तनाव प्रबंधन, मानसिक संतुलन बनाए रखने, सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने और कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए गीता के संदेशों की प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला।

उन्होंने बताया कि भगवद गीता के सिद्धांत केवल व्यक्तिगत जीवन में शांति, आत्मनियंत्रण और संतुलन स्थापित करने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि कार्यस्थल पर कर्मचारियों के बीच बेहतर समन्वय, स्वस्थ वातावरण और उत्पादकता को भी प्रोत्साहित करते हैं। व्याख्यान के दौरान उपस्थित प्रतिभागियों ने विषय के प्रति विशेष रुचि दिखाई और इसे व्यवहारिक जीवन से जोड़कर समझा।

यह आयोजन न केवल कर्मचारियों के लिए प्रेरणा और आत्मविकास का माध्यम बना, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा सकारात्मक कार्य संस्कृति को सशक्त बनाने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में सामने आया।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story