सोनपुर (हाजीपुर) – हरिहर क्षेत्र के प्रसिद्ध सोनपुर मेले में महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह ने शनिवार को ‘रेल ग्राम प्रदर्शनी’ का भव्य उद्घाटन किया। इस अवसर पर अपर महाप्रबंधक अमरेंद्र कुमार, सोनपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक अमित सरन सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। पूर्व मध्य रेल महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा सुनीता सिंह भी इस कार्यक्रम में शामिल रहीं।

उद्घाटन के बाद महाप्रबंधक ने प्रदर्शनी का बारीकी से अवलोकन किया, जिसमें वाणिज्य, यांत्रिकी, सिग्नल, सुरक्षा और चिकित्सा विभागों द्वारा प्रस्तुत विभिन्न आकर्षण शामिल थे। प्रदर्शनी में यात्री सेवा और रेल परिचालन के विभिन्न पहलुओं से जुड़ी जानकारियों को पोस्टरों और मॉडल्स के माध्यम से प्रदर्शित किया गया, जिससे मेले में आए लोगों को रेलवे के कार्यप्रणाली और सेवाओं का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त हो सके।

इस बार की रेल ग्राम प्रदर्शनी विशेष रूप से सम्मिलित रूप में जम्मू-कश्मीर के पीर पंजाल रेलवे सुरंग के रूप में प्रस्तुत की गई है। इस अनुभाग में मेलार्थियों को रेल कोच में यात्रा का अनुभव प्राप्त होता है और सभी कंपार्टमेंट में अलग-अलग विभागों की प्रदर्शनी लगी है, जो बच्चों और बड़े सभी के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि इस प्रदर्शनी का उद्देश्य यात्रियों और आम जनता को रेलवे से संबंधित विभिन्न पहलुओं की जानकारी देना और रेल सेवाओं की उपयोगिता और महत्व को उजागर करना है। महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह ने कहा कि इस तरह की प्रदर्शनी न केवल लोगों को रेल परिचालन की बारीकियों से अवगत कराती है, बल्कि युवाओं में रेलवे क्षेत्र में करियर के प्रति रुचि भी जागृत करती है।

रेल ग्राम प्रदर्शनी का आयोजन सोनपुर मेले में एक विशेष आकर्षण के रूप में किया गया है और यह दर्शकों के लिए ज्ञानवर्धक और मनोरंजक अनुभव प्रस्तुत करता है। इस आयोजन ने स्थानीय समुदाय और रेलवे के बीच मजबूत जुड़ाव को भी दर्शाया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story