यात्रियों की बढ़ती मांग और सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने गांधीग्राम और प्रयागराज के बीच विशेष किराये पर द्वि-साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। ट्रेन संख्या 04112/04111 गांधीग्राम–प्रयागराज द्वि-साप्ताहिक स्पेशल का संचालन कुल 28 फेरों के लिए किया जाएगा, जिससे गुजरात, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।

ट्रेन संख्या 04112 गांधीग्राम–प्रयागराज द्वि-साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन 31 मई 2026 से 15 जुलाई 2026 तक प्रत्येक रविवार और बुधवार को गांधीग्राम से शाम 17:20 बजे प्रस्थान करेगी तथा अगले दिन रात 20:00 बजे प्रयागराज पहुंचेगी। वहीं, ट्रेन संख्या 04111 प्रयागराज–गांधीग्राम द्वि-साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन 30 मई 2026 से 14 जुलाई 2026 तक प्रत्येक शनिवार और मंगलवार को प्रयागराज से शाम 16:15 बजे रवाना होगी और अगले दिन 15:30 बजे गांधीग्राम पहुंचेगी।

दोनों दिशाओं में यह स्पेशल ट्रेन चांदखेड़ा रोड, महेसाणा, पालनपुर, आबू रोड, सुमेरपुर जवाई बाँध, फालना, मारवाड़ जंक्शन, ब्यावर, अजमेर, किशनगढ़, जयपुर, गांधीनगर जयपुर, बांदीकुई, भरतपुर, ईदगाह, टूण्डला, इटावा, गोविंदपुरी और फतेहपुर स्टेशनों पर ठहराव करेगी। ट्रेन में द्वितीय सामान्य श्रेणी, स्लीपर तथा एसी-3 टियर श्रेणी के कोच लगाए जाएंगे, जिससे विभिन्न वर्गों के यात्रियों को सुविधा मिल सकेगी।

रेलवे प्रशासन के अनुसार ट्रेन संख्या 04112 की बुकिंग 30 मई 2026 से सभी यात्री आरक्षण केन्द्रों और आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर शुरू होगी। यात्रियों से ट्रेन के समय, ठहराव और कोच संरचना संबंधी विस्तृत जानकारी के लिए रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट www.enquiry.indianrail.gov.in देखने की अपील की गई है।

गर्मी और यात्रा सीजन के बीच शुरू की गई यह द्वि-साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन गुजरात, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के बीच यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों के लिए राहत साबित होगी। लंबे रूट पर अतिरिक्त रेल सुविधा मिलने से यात्रियों को प्रतीक्षा सूची और भीड़भाड़ की समस्या से भी काफी हद तक निजात मिलने की उम्मीद है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story