अहमदाबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) श्री वेद प्रकाश ने गांधीधाम रेलवे स्टेशन, गांधीधाम रेलवे कॉलोनी, गांधीधाम रेलवे क्वार्टर्स तथा ओल्ड कांडला रेलवे कॉलोनी का विस्तृत निरीक्षण कर रेलवे कर्मचारियों के लिए उपलब्ध आवासीय सुविधाओं, स्टेशन पर यात्री सुविधाओं तथा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कर्मचारियों के लिए आधुनिक आवासीय सुविधाओं और यात्रियों के लिए बेहतर सुविधाओं के विकास पर विशेष जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने रेलवे कॉलोनियों में रहने वाले कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों से संवाद कर उनकी समस्याओं, सुझावों एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने तथा कर्मचारियों को बेहतर आवासीय वातावरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।



डीआरएम ने रेलवे आवासीय परिसरों में उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं, स्वच्छता, रखरखाव, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, हरित क्षेत्र तथा सुरक्षा प्रबंधों का भी जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को रेलवे कर्मचारियों के लिए आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण आवासीय सुविधाओं के विकास हेतु समग्र कार्ययोजना तैयार कर चरणबद्ध रूप से आवश्यक कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।

इसके बाद डीआरएम ने गांधीधाम रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करते हुए यात्री सुविधाओं, स्वच्छता व्यवस्था, प्रतीक्षालयों, प्लेटफार्मों, स्टेशन परिसर तथा चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं बेहतर यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सभी विकास कार्यों में गति लाने तथा यात्री सुविधाओं में निरंतर सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

डीआरएम श्री वेद प्रकाश ने कहा, “अहमदाबाद मंडल में हमारा उद्देश्य केवल रेल परिचालन को सुदृढ़ बनाना ही नहीं, बल्कि रेलवे कर्मचारियों के लिए बेहतर आवासीय एवं जीवन-स्तर की सुविधाएं तथा यात्रियों के लिए सुरक्षित, स्वच्छ और आधुनिक रेलवे अवसंरचना उपलब्ध कराना भी है। गांधीधाम रेलवे स्टेशन, रेलवे कॉलोनियों एवं कांडला पोर्ट क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान प्राप्त सुझावों और आवश्यकताओं के आधार पर विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा। भारतीय रेल, कांडला पोर्ट तथा सभी संबंधित एजेंसियों के समन्वित प्रयासों से इस क्षेत्र में रेल अवसंरचना, माल परिवहन क्षमता एवं यात्री सुविधाओं को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए हम पूर्णतः प्रतिबद्ध हैं।”

अपने दौरे के दौरान डीआरएम ने कांडला पोर्ट के चेयरमैन के साथ बैठक भी की। बैठक में भारतीय रेल एवं कांडला पोर्ट के बीच समन्वय को और सुदृढ़ बनाने, माल ढुलाई क्षमता में वृद्धि, रेल अवसंरचना के विस्तार, लॉजिस्टिक दक्षता बढ़ाने तथा भविष्य की संयुक्त विकास परियोजनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई। दोनों पक्षों ने क्षेत्र में औद्योगिक एवं बंदरगाह आधारित रेल परिवहन को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आपसी सहयोग को मजबूत करने पर सहमति व्यक्त की।

इस अवसर पर डीआरएम श्री वेद प्रकाश ने कहा कि रेलवे कर्मचारियों के लिए गुणवत्तापूर्ण आवासीय सुविधाओं का विकास तथा यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना अहमदाबाद मंडल की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के कल्याण और यात्रियों की संतुष्टि दोनों ही रेलवे की प्रगति के महत्वपूर्ण आधार हैं तथा इन दोनों क्षेत्रों में निरंतर सुधार के लिए सभी विभाग समन्वित रूप से कार्य करेंगे। इस निरीक्षण और समीक्षा के माध्यम से रेलवे कर्मचारियों के कल्याण, यात्री सुविधाओं के विस्तार तथा कांडला पोर्ट क्षेत्र में रेल अवसंरचना और माल परिवहन क्षमता को सुदृढ़ करने की दिशा में अहमदाबाद मंडल की प्राथमिकताओं को स्पष्ट रूप से रेखांकित किया गया।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story