एकतानगर स्टेशन पर बच्चों ने मानव श्रृंखला से बनाया भारत का मानचित्र, दिया एकता का संदेश
एकतानगर स्टेशन पर गुरुकुल स्कूल के बच्चों ने मानव श्रृंखला से भारत का मानचित्र और INDIA की आकृति बनाकर स्वच्छता व राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।

तस्वीर में स्कूली बच्चे मानव श्रृंखला बनाकर भारत का मानचित्र प्रदर्शित कर रहे हैं।
पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल के एकतानगर स्टेशन पर स्वच्छता अभियान के दौरान गुरुकुल स्कूल के बच्चों ने मानव श्रृंखला के माध्यम से भारत का मानचित्र बनाकर स्वच्छता, एकता और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। स्टेशन स्टाफ के सहयोग से आयोजित इस विशेष गतिविधि में स्वच्छता और देशभक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला।
मंडल के विभिन्न स्टेशनों एवं रेलवे परिसरों में विशेष स्वच्छता अभियान के अंतर्गत स्वच्छता संबंधी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में एकतानगर स्टेशन पर गुरुकुल स्कूल के बच्चों ने एकजुट होकर मानव श्रृंखला के रूप में भारत का नक्शा तैयार किया। इसके साथ ही बच्चों ने INDIA शब्द की आकर्षक आकृति बनाकर स्वच्छता, एकता और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।
इस अभिनव पहल का उद्देश्य स्वच्छता अभियान को केवल सफाई तक सीमित न रखते हुए इसमें सभी की सक्रिय भागीदारी और जन-जागरूकता को बढ़ावा देना था। स्टेशन कर्मचारियों के साथ नई पीढ़ी ने “स्वच्छता ही सेवा है” और “स्वच्छ रेल, स्वच्छ भारत” जैसे संदेशों के माध्यम से यात्रियों एवं आमजन को रेलवे परिसरों को स्वच्छ रखने तथा स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।
एकतानगर देश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में से एक स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के निकट स्थित है। यहां आयोजित इस विशेष गतिविधि के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि स्वच्छ एवं सुंदर रेलवे परिसर यात्रियों को बेहतर अनुभव प्रदान करने के साथ देश की सकारात्मक छवि को भी मजबूत करते हैं।
वडोदरा मंडल द्वारा चलाए जा रहे विशेष स्वच्छता अभियान के दौरान रेलवे परिसरों की साफ-सफाई, स्वच्छता जागरूकता, कर्मचारियों एवं यात्रियों की भागीदारी तथा स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न रचनात्मक एवं प्रभावी गतिविधियों का आयोजन निरंतर किया जा रहा है।

Naresh Ameta (Mumbai)
नरेश अमेटा (मुंबई), प्रात:काल समाचार वेबसाइट के अनुभवी संवाददाता हैं। मुंबई से कार्यरत नरेश जी समाचार की सटीकता और निष्पक्षता के लिए जाने जाते हैं। वे प्रमुख राष्ट्रीय और स्थानीय खबरों की रिपोर्टिंग करते हैं और अपने विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण से पाठकों को घटनाओं की गहरी समझ प्रदान करते हैं। नरेश जी की लेखनी में तथ्यपरक जानकारी के साथ-साथ घटनाओं की ताज़ा और भरोसेमंद प्रस्तुति देखने को मिलती है, जो प्रात:काल के पाठकों के लिए समाचार अनुभव को और समृद्ध बनाती है।
