पूर्व रेलवे का बड़ा अभियान: स्टेशन पर थूकने-गंदगी फैलाने वालों पर CCTV निगरानी, तुरंत होगा जुर्माना
पूर्व रेलवे ने हावड़ा स्टेशन से “ईस्टर्न रेलवे इज़ वॉचिंग यू” अभियान शुरू किया। अब गंदगी फैलाने और थूकने वालों पर सीसीटीवी निगरानी के साथ तत्काल कार्रवाई होगी।

तस्वीर में दिख रहा है कि हावड़ा रेलवे स्टेशन पर आयोजित समारोह के दौरान पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक श्री मिलिंद देऊस्कर अन्य वरिष्ठ रेल अधिकारियों की उपस्थिति में स्वच्छता अभियान के प्रमाण-पत्र का अनावरण कर रहे हैं।
पूर्व रेलवे ने स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए 4 जुलाई 2026 को हावड़ा रेलवे स्टेशन पर आयोजित एक समारोह में अपने व्यापक स्वच्छता जागरूकता अभियान के दूसरे चरण “ईस्टर्न रेलवे इज़ वॉचिंग यू” का औपचारिक शुभारंभ किया। इस वर्ष अप्रैल में शुरू किए गए अभियान के नए चरण की शुरुआत पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक श्री मिलिंद देऊस्कर के नेतृत्व में की गई, जिसमें रेलवे परिसरों में गंदगी फैलाने और थूकने के विरुद्ध शून्य सहिष्णुता नीति लागू की गई है।
अभियान का मुख्य संदेश यह है कि रेलवे परिसरों की स्वच्छता बनाए रखने के लिए पूर्व रेलवे हर समय सतर्क है और पूरे परिसर की लगातार निगरानी की जा रही है। क्लोज़्ड सर्किट टेलीविज़न (सीसीटीवी) कैमरों के व्यापक नेटवर्क और रेलवे कर्मचारियों की सक्रिय निगरानी के माध्यम से यात्रियों की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। यदि कोई व्यक्ति गंदगी फैलाते या थूकते हुए पाया जाता है तो उस पर तत्काल मौके पर ही जुर्माना लगाया जाएगा।
जनभागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पूर्व रेलवे ने एक नई पहल भी शुरू की है। यदि कोई रेल यात्री किसी व्यक्ति को गंदगी फैलाते या थूकते हुए देखता है, तो वह उसकी तस्वीर स्थान के विवरण सहित व्हाट्सऐप नंबर 9002022780 पर भेज सकता है। इसके आधार पर पूर्व रेलवे संबंधित व्यक्ति की पहचान कर उस पर मौके पर ही जुर्माना लगाएगा। साथ ही सूचना देने वाले यात्री को “कैप्टन क्लीन” की उपाधि प्रदान करते हुए पूर्व रेलवे की ओर से प्रशंसा-पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम की शुरुआत पूर्व रेलवे भारत स्काउट्स एवं गाइड्स द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक से हुई, जिसके माध्यम से स्वच्छता का संदेश लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया गया। इसके बाद महाप्रबंधक श्री मिलिंद देऊस्कर ने स्टेशन परिसर का निरीक्षण किया और यात्रियों से सीधे संवाद कर उन्हें अभियान की जानकारी दी तथा स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करने का आह्वान किया। इसके पश्चात उन्होंने अभियान के शुभारंभ के प्रतीक स्वरूप प्रमाण-पत्र पर हस्ताक्षर कर उसका अनावरण किया।
इस अवसर पर महाप्रबंधक श्री मिलिंद देऊस्कर, हावड़ा मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री विशाल कपूर, पूर्व रेलवे के उप महाप्रबंधक (सामान्य), मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री शिबराम माझि, मुख्यालय के प्रधान विभागाध्यक्ष (पीएचओडी) तथा विभिन्न मंडलों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान स्वच्छता अभियान के दूसरे चरण के अंतर्गत आयोजित “30 मिनट चैलेंज” में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मंडलों को सम्मानित किया गया। इस प्रतियोगिता में सियालदह मंडल को विजेता तथा हावड़ा मंडल को उपविजेता ट्रॉफी महाप्रबंधक श्री मिलिंद देऊस्कर के कर-कमलों से प्रदान की गई।
अपने संबोधन में महाप्रबंधक श्री मिलिंद देऊस्कर ने कहा कि पूर्व रेलवे स्वच्छ और बेहतर स्टेशन वातावरण के माध्यम से यात्रियों के यात्रा अनुभव को और उत्कृष्ट बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि डिजिटल रिपोर्टिंग प्रणाली के माध्यम से यात्रियों को स्वच्छता अभियान का सक्रिय भागीदार बनाया जा रहा है तथा सभी मंडलों में जवाबदेही की संस्कृति विकसित की जा रही है, ताकि स्वच्छता केवल एक विकल्प नहीं बल्कि दैनिक आदत बन सके।
कार्यक्रम के समापन पर मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री शिबराम माझि ने कहा कि यह अभियान केवल नियमों के पालन तक सीमित नहीं है, बल्कि सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि पूर्व रेलवे हमेशा जन-जागरूकता के क्षेत्र में अग्रणी रहा है। उन्होंने सभी यात्रियों से “कैप्टन क्लीन” बनकर इस अभियान से जुड़ने और रेलवे परिसरों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में सक्रिय योगदान देने की अपील की।

