गुजरात में हो रही मूसलाधार वर्षा के बीच पश्चिम रेलवे का अहमदाबाद मंडल यात्री सुरक्षा एवं सुरक्षित रेल परिचालन सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह सतर्क एवं सक्रिय है। इसी क्रम में मंडल रेल प्रबंधक, अहमदाबाद श्री वेद प्रकाश ने 24 जुलाई 2026 को दोपहर 3:00 बजे से 25 जुलाई 2026 को प्रातः 4:00 बजे तक वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आम्बलियासन–विजापुर–आदरज मोटी–गांधीनगर रेलखंड का व्यापक निरीक्षण किया और वर्षा से उत्पन्न परिस्थितियों का स्थल पर जाकर विस्तृत जायजा लिया।

लगभग 13 घंटे तक चले इस सतत निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने रेलखंड के विभिन्न संवेदनशील स्थलों, रेलवे ट्रैक, पुल-पुलियों, जल निकासी व्यवस्था, 100 से अधिक रोड अंडर ब्रिज (RUB), रोड ओवर ब्रिज (ROB), अंडरपास तथा रेलवे स्टेशनों का गहन निरीक्षण किया। लगातार हो रही वर्षा के बीच उन्होंने गांधीनगर स्थित रोड अंडर ब्रिज (RUB) का मध्यरात्रि में भी निरीक्षण किया और जलभराव की स्थिति, ड्रेनेज प्रणाली की कार्यक्षमता तथा स्थानीय सड़क यातायात पर पड़ रहे प्रभाव का विस्तृत आकलन किया।

श्री वेद प्रकाश ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी संवेदनशील स्थलों पर जल निकासी के लिए पंपिंग व्यवस्था एवं राहत कार्य युद्धस्तर पर निरंतर जारी रखे जाएं, ताकि आम नागरिकों, सड़क यातायात तथा रेल सेवाओं पर किसी प्रकार का प्रतिकूल प्रभाव न पड़े। उन्होंने मानसून के दौरान सभी सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने तथा संवेदनशील स्थलों पर चौबीसों घंटे निगरानी बनाए रखने के भी निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि जलभराव अथवा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, जिससे यात्रियों की सुरक्षा तथा रेल परिचालन पर किसी भी प्रकार का प्रतिकूल प्रभाव न पड़े। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों से समन्वित रूप से कार्य करते हुए प्रत्येक स्थिति पर सतत निगरानी रखने को कहा।

अहमदाबाद मंडल द्वारा मानसून के मद्देनज़र सभी संवेदनशील स्थलों पर 24×7 निगरानी रखी जा रही है। रेलवे के इंजीनियरिंग, परिचालन, सिग्नल एवं दूरसंचार, विद्युत तथा अन्य संबंधित विभागों की विशेष टीमें लगातार फील्ड में तैनात हैं और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

अहमदाबाद मंडल के लिए यात्रियों की सुरक्षा, सुरक्षित एवं निर्बाध रेल परिचालन तथा आम नागरिकों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता बनी हुई है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story